google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

जमीनी विवाद को लेकर पटना में हुई दर्जनों चक्र गोलीबारी, एक घायल

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के अमहारा थाना क्षेत्र के दिलावरपुर गांव के इंग्लिश टोला में रविवार की देर शाम जमीनी विवाद के दौरान दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद में देखते ही देखते पथराव और फिर गोलीबारी शिर हो गया। इस घटना में एक युवक सन्नी कुमार घायल हो गया है जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव में इस घटना के बाद तनाव का माहौल है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। इस घटना की जड़ जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद में है। जानकारी के अनुसार, यह विवाद पिछले कई महीनों से दोनों पक्षों के बीच बना हुआ था और कुछ दिन पहले भी दोनों के बीच इस जमीन को लेकर झड़प हुई थी। रविवार को यह झगड़ा एक बार फिर उभरा जब आरोपित पक्ष के लोग अचानक पीड़ित विजेंद्र यादव के घर पहुंचे और माहौल तनावपूर्ण हो गया। विजेंद्र यादव का आरोप है कि उनके घर पर मिथिलेश यादव, अखिलेश यादव और उनके परिजन पहुंचे और आते ही गाली-गलौज करते हुए पथराव शुरू कर दिया। यह माहौल कुछ ही मिनटों में उग्र हो गया जब मिथिलेश यादव के साथ रामकृष्ण गोपाल, मुन्ना और उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने फायरिंग शुरू कर दी। विजेंद्र का दावा है कि इस दौरान करीब 35 राउंड गोलियां चलीं। इस फायरिंग में उनका भतीजा सन्नी कुमार घायल हो गया। हालांकि, पुलिस ने मौके से केवल 4 से 5 गोली के खोखे बरामद किए हैं, जिससे गोलीबारी की संख्या को लेकर संदेह की स्थिति बनी हुई है। गोलीबारी की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए और सड़कें सुनसान हो गईं। गोली लगने से घायल सन्नी कुमार को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, सन्नी को गोली लगी है या वह पथराव से घायल हुआ है, इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। घटना की जानकारी मिलते ही अमहारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने वहां से कुछ गोली के खोखे जब्त किए हैं और मामले की जांच में जुट गई है। विजेंद्र यादव ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस कैंप किया गया है। गांव में शांति बनी रहे, इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। स्थानीय लोगों में डर का माहौल है, लेकिन फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस अधिकारी लगातार गांव में भ्रमण कर रहे हैं और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)