मरवाही। जीपीएम जिले के अंतर्गत नवगठित नगर परिषद मरवाही में नवीन भवन निर्माण का मामला अब भी अटका हुआ है। करीब ढाई वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत मरवाही का उन्नयन नगर परिषद में तो कर दिया गया, लेकिन आज भी परिषद का संचालन पुराने ग्राम पंचायत भवन से ही किया जा रहा है। सीमित जगह, अपर्याप्त सुविधाएँ और पार्किंग की कमी के कारण यहाँ कार्यरत कर्मचारियों के साथ-साथ आने वाले नागरिकों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि मौजूदा भवन न केवल छोटा है बल्कि भीड़भाड़ के समय कार्यालय के बाहर अव्यवस्था की स्थिति बन जाती है। पार्किंग की जगह न होने की वजह से वाहन सड़क किनारे खड़े करने पड़ते हैं, जिससे जाम जैसी स्थिति भी बन जाती है।
नगर परिषद मरवाही की अध्यक्ष ने बताया कि वे लगातार प्रयासरत हैं कि जल्द से जल्द नवीन भवन का निर्माण शुरू हो सके, लेकिन जन चर्चाओं के अनुसार राजनीतिक कारणों से प्रक्रिया रुक रही है। कहा जा रहा है कि परिषद अध्यक्ष कांग्रेस पार्टी से होने के चलते विपक्ष की ओर से आपत्तियाँ और अड़चनें खड़ी की जा रही हैं, जिसके कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।
स्थानीय नागरिकों की मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द भूमि चयन से लेकर निर्माण प्रक्रिया को गति दे, ताकि नगर परिषद को अपना स्वतंत्र और सुसज्जित भवन मिल सके और यहाँ की प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू हो सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



