पंचायत सहायकों की मांगों पर सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करे : मायावती; बसपा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की भी घोषणा
समाज जागरण | लखनऊ।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने रविवार को लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान ब्रिक्स शिखर सम्मेलन, पंचायत सहायकों के आंदोलन और पार्टी के संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने सहित कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

मायावती ने दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर कहा कि मौजूदा वैश्विक आर्थिक संकट और विभिन्न देशों के बीच चल रहे संघर्ष एवं तनाव के बीच ब्रिक्स देशों द्वारा दिल्ली घोषणा पत्र को सर्वसम्मति से जारी किया जाना आपसी समझ और कूटनीतिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इससे सदस्य देशों के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत करने की उम्मीद जगी है। उन्होंने ब्रिक्स करेंसी के विकास को भी महत्वपूर्ण कदम बताया।
फलस्तीन और आतंकवाद के मुद्दे पर भारत के रुख का समर्थन
मायावती ने फलस्तीन के मुद्दे पर दो-देश समाधान तथा 1967 की सीमाओं के आधार पर स्वतंत्र फलस्तीन राष्ट्र के समर्थन का उल्लेख किया। उन्होंने पहलगाम का जिक्र करते हुए आतंकवाद से हर स्तर पर निपटने की प्रतिबद्धता को भी भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप बताया।
चीन से मतभेद को विवाद में नहीं बदलने की जरूरत
बसपा प्रमुख ने भारत और चीन के संबंधों पर कहा कि दोनों पड़ोसी देशों के बीच मतभेद को विवाद में नहीं बदलने तथा एक-दूसरे को विकास में साझेदार मानने का दृष्टिकोण सकारात्मक है। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस नीति के परिणाम आने वाले समय में ही स्पष्ट होंगे। मायावती ने दोनों देशों के बीच सीमा संबंधी मुद्दे को भी जल्द आपसी बातचीत के माध्यम से सुलझाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
58 हजार पंचायत सहायकों की मांगों पर सरकार से विचार की अपील
मायावती ने उत्तर प्रदेश में आंदोलन कर रहे पंचायत सहायकों की समस्याओं का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लगभग 58 हजार पंचायत सहायक मानदेय बढ़ाने, उसे सम्मानजनक करने तथा संविदा व्यवस्था के स्थान पर स्थायीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर पिछले कुछ दिनों से लखनऊ में आंदोलन कर रहे हैं।
उन्होंने सरकार से पंचायत सहायकों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की अपील की।
बसपा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की तैयारी
मायावती ने कहा कि देशभर में बसपा के संगठन को ग्रासरूट स्तर पर मजबूत करने और विशेष रूप से बहुजन समाज में पार्टी के जनाधार को बढ़ाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर व्यापक तैयारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि 3 सितंबर 2026 को लखनऊ स्थित बसपा प्रदेश कार्यालय में ऑल इंडिया बैठक बुलाई गई थी। बैठक में संगठन को मजबूत करने और पार्टी के जनाधार को बढ़ाने के दोनों महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मायावती के अनुसार पार्टी के इन कार्यों को युद्धस्तर पर गति देने के लिए देशभर के संगठन को अलग-अलग सेक्टरों में बांटा गया है। एक सेक्टर में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को शामिल किया गया है, जिसकी देखरेख एवं दिशा-निर्देशन स्वयं मायावती द्वारा किए जाने की बात कही गई है। देश के अन्य राज्यों में जहां बसपा का संगठन सक्रिय है, उन्हें भी अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने की योजना बनाई गई है।
मायावती ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य संगठन को बूथ और जमीनी स्तर तक मजबूत करना तथा बहुजन समाज के बीच अपनी पहुंच और जनाधार को और व्यापक बनाना है।
मायावती #बसपा #ब्रिक्ससम्मेलन #चीनभारतसंबंध #सीमाविवाद #पंचायतसहायक #यूपीराजनीति #लखनऊ #राजनीति
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



