समाज जागरण रंजीत तिवारी
रामेश्वर वाराणसी।।
अपने जन्मदिन के मौके पर राहुल सिंह पटेल ने सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए पौधरोपण किया। बचपन से ही सामाजिक विचारधारा से जुड़े रहे श्री पटेल सदैव समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।उन्होंने बताया कि वे पिछले लगभग 10 वर्षों से निरंतर पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रिय हैं। इस अवधि में उन्होंने लगभग 500 से अधिक पौधे स्वयं लगवाए हैं कभी लोगों को पौधे वितरित कर, तो कभी स्वयं विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर पौधरोपण कर। उनका यह प्रयास केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज और प्रकृति के प्रति उनकी सच्ची प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
श्री पटेल ने कहा कि समाज और पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे व्यवहार में भी लाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से वे हर वर्ष अपने जन्मदिन पर एक पौधा अवश्य लगाते हैं, ताकि प्रकृति संरक्षण का संदेश समाज तक पहुंचे।उन्होंने अपने सभी मित्रों, साथियों एवं शुभचिंतकों से भी आग्रह किया कि वे अपने जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं। उनका मानना है कि यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में एक पौधा भी लगाए, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा सकारात्मक बदलाव संभव है।समाज में उनके प्रति आदर्श और सम्मान की भावना उनके निरंतर सामाजिक कार्यों का परिणाम है। इस अवसर पर उपस्थित साथियों ने भी उनके इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की और पर्यावरण संरक्षण के इस संकल्प में सहभागी बनने का वचन दिया।



