मोहनलालगंज पुलिस ने 24 घंटे में खोली बड़ी चोरी की गुत्थी, 15 लाख का माल बरामद

विवेक कुमार दैनिक समाज जागरण संवाददाता

मोहनलालगंज, लखनऊ

मोहनलालगंज पुलिस ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए बड़ी चोरी की घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई डीसीएम, अन्य वाहनों की बैटरियां और स्टेपनी बरामद की है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और कानून व्यवस्था को लेकर आमजन में भरोसा बढ़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते सोमवार को संजय सिंह यादव निवासी शांति नगर, थाना सरोजनी नगर, लखनऊ ने थाना मोहनलालगंज में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी फर्म विक्रम ट्रांसपोर्ट कम्पनी की कई गाड़ियां जैतीखेड़ा स्थित कार्यालय के बाहर खड़ी थीं। देर रात करीब एक बजे अज्ञात चोरों ने डीसीएम वाहन संख्या UP 32 YN 8964 सहित अन्य वाहनों की बैटरियां और स्टेपनी चोरी कर लीं।घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। चोरी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपियों की पहचान कर ली।मंगलवार को पुलिस टीम ने गनियार से मोहनलालगंज की ओर जाने वाली सड़क पर घेराबंदी कर शैलेन्द्र कुमार निवासी प्यारेपुर, थाना हरचन्दपुर, जनपद रायबरेली को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की गई डीसीएम, बैटरियां और स्टेपनी बरामद की गईं।पूछताछ में अभियुक्त ने अहम खुलासा करते हुए बताया कि उसका साथी राज, जो पूर्व में विक्रम ट्रांसपोर्ट कम्पनी में चालक रह चुका था, ने ही उसे गाड़ियों की लोकेशन और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी दी थी। दोनों ने मिलकर सुनियोजित तरीके से चोरी की योजना बनाई और आधी रात के बाद वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद दोनों डीसीएम और सामान बेचने के इरादे से निकले थे, लेकिन रास्ते में गाड़ी का डीजल खत्म हो गया। इसी दौरान साथी डीजल लेने चला गया और मौके पर पहुंची पुलिस ने शैलेन्द्र कुमार को धर दबोचा।पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।स्थानीय लोगों ने इस त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की सक्रियता से अपराधियों में भय और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)