मोहनलालगंज (लखनऊ)। तहसील मोहनलालगंज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस सोमवार को उस समय हंगामाखेज़ हो गया जब प्रधान संघ के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्राम प्रधानों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। ये सभी स्कूलों के विलय के प्रस्ताव का विरोध कर रहे थे।
धरने पर बैठे प्रधानों ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा लिए गए फैसलों से ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। एडीएम के रवैये से नाराज प्रधानों ने समाधान दिवस में ही बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे प्रशासनिक अफसरों में हड़कंप मच गया।
एसडीएम और एसीपी मौके पर पहुंचकर प्रधानों को समझाने में जुटे हैं, लेकिन प्रधान संघ का रुख अभी भी कड़ा बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रधानों का कहना है कि बिना ग्राम सभा की सहमति के स्कूलों का विलय न केवल नियमों के विरुद्ध है, बल्कि इससे गांव के बच्चों की पढ़ाई पर भी बुरा असर पड़ेगा। धरने में शामिल प्रधानों ने एक ज्ञापन भी सौंपा है, जिसमें स्कूल विलय के निर्णय को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की गई है।
क्या बोले प्रधान संघ अध्यक्ष?
प्रधान संघ अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने कहा, “गांवों के बच्चों की शिक्षा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि हमारी मांगें नहीं मानी गईं तो बड़ा आंदोलन होगा।”
इस प्रदर्शन ने सम्पूर्ण समाधान दिवस की कार्यवाही को बाधित कर दिया, और अधिकारियों के लिए यह संदेश स्पष्ट है कि ग्राम पंचायतों की अनदेखी अब भारी पड़ सकती है।
रिपोर्ट: विवेक पत्रकार, मोहनलालगंज, लखनऊ

Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



