समाज जागरण संवाददाता — कुलदीप सिंह
लखीमपुर खीरी।
मंगलवार को सनातन धर्म सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज में मातृ शक्ति जागरण ‘सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. मधुश्री साव (विद्या भारती अखिल भारतीय मंत्री) ने की। मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. अंशू वर्मा (प्रवक्ता, युवराज दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय) एवं सुमन श्रीवास्तव (प्रधानाचार्य, रवि मेमोरियल स्कूल) उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम अध्यक्षा डॉ. मधुश्री साव, निधि द्विवेदी, डॉ. अंशू वर्मा, सुमन श्रीवास्तव, विद्यालय प्रबंध समिति के प्रबंधक चन्द्रभूषण साहनी, समिति सदस्य नूतन गुप्ता, ममता अग्रवाल, सी.ए. अमित गुप्ता एवं विद्यालय की प्रधानाचार्य शिप्रा बाजपेई द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।
कार्यक्रम की प्रस्तावना निधि द्विवेदी ने प्रस्तुत की। मंचासीन अतिथियों का परिचय विद्यालय की उपप्रधानाचार्य डॉ. सीमा मिश्रा ने कराया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की आचार्या अनुराधा दुबे ने किया, जबकि कार्यक्रम का संयोजन प्रीति अग्रवाल एवं पूजा गुप्ता द्वारा किया गया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. मधुश्री साव ने माताओं को संबोधित करते हुए नारी की सप्तशक्तियों के जागरण पर बल दिया तथा कहा कि नारी की वाणी में सकारात्मकता समाज को दिशा देने की शक्ति रखती है।
मुख्य वक्ता डॉ. अंशू वर्मा ने भारत के विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार रखे। वहीं सुमन श्रीवास्तव ने कुटुम्ब प्रबोधन विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परिवार समाज की मूल इकाई है, जिससे राष्ट्र का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि परिवार की धुरी एक स्त्री होती है, जो पूरे कुटुम्ब को एक सूत्र में बांधे रखती है तथा परंपराओं को आगे बढ़ाती है।
इस अवसर पर माताओं ने रानी चेन्नमा, रानी लक्ष्मीबाई, माता शबरी, अहिल्याबाई, लता मंगेशकर, किरण बेदी सहित अन्य महान विभूतियों के स्वरूप धारण कर सभी को प्रेरित किया।
कार्यक्रम में समाज की आठ विशिष्ट माताओं — मयूरी नागर, कुमकुम गुप्ता, डॉ. शालू गुप्ता, संतोष कुमारी शुक्ला, डॉ. नेहा सिंहई, मधुरिमा श्रीवास्तव, रेनू एवं रूचि को उनके विशिष्ट योगदान हेतु स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
समाज में नारी की सहभागिता से संबंधित प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम आचार्या शिवि गुप्ता द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें माताओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कार्यक्रम में सीतापुर संभाग निरीक्षक सुरेश सिंह भी उपस्थित रहे।
अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्य शिप्रा बाजपेई ने पधारे हुए सभी अतिथियों एवं वंदनीय माताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।



