google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

बाइक सवार हुए दुर्घटना के शिकार, चार घायलों में दो की हालात गंभीर

समाज जागरण/ अवधेश कुमार गुप्ता

गुरमा/ सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के सलखन स्थित प्लाजा पेट्रोल पंप के पास गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार चार युवक घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। जिसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 जून 2026 को सुबह करीब 10:10 बजे एक हाईवे ट्रक मारकुंडी की ओर से चोपन की तरफ जा रहा था।

इसी दौरान उसके पीछे चल रही बाइक संख्या UP64BE8211 भी चोपन की ओर आ रही थी। सलखन स्थित प्लाजा पेट्रोल पंप के पास बाइक चालक ने ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई, जिससे बाइक पर सवार चारों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घायलों की पहचान सूरज पुत्र मुन्ना (18 वर्ष) निवासी खैरटिया बिल्ली मारकुंडी, अतुल पुत्र मनोज निवासी खैरटिया बिल्ली मारकुंडी, नंदलाल पुत्र गुलाब (21 वर्ष) निवासी खैरटिया बिल्ली मारकुंडी तथा गोविंद पुत्र मुनीब (18 वर्ष) निवासी बेलछ, थाना चोपन के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय लोढ़ी भिजवाया। बताया जा रहा है कि घायलों में दो की हालत गंभीर है, जबकि अन्य दो को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है और यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)