google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

गंभीर जन्मजात बीमारियों से जंग में जीवनदायिनी बनी राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
19 मार्च।
गरीब परिवारों में जब कोई बच्चा जन्मजात गंभीर बीमारी के साथ पैदा होता है, तो यह केवल स्वास्थ्य की चिंता नहीं, बल्कि पूरे परिवार के लिए आर्थिक और मानसिक संकट बन जाता है। ऐसे में महंगे इलाज के कारण कई बार उपचार अधूरा रह जाता है। इस कठिन परिस्थिति में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) जरूरतमंद परिवारों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रहा है।
यह योजना बच्चों की समय पर पहचान, निःशुल्क जांच, बेहतर संस्थानों में रेफरल और पूर्ण इलाज की सुविधा प्रदान कर उन्हें नया जीवन दे रही है।


इसी क्रम में किशनगंज सदर अस्पताल से जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित दो बच्चे—राजेंद्र कुमार एवं रागिनी कुमारी—तथा कटे होंठ-तालु से पीड़ित एक बच्ची अनीशा कुमारी को बेहतर इलाज के लिए इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS), पटना भेजा गया।


गरीब परिवारों के लिए संबल
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि जन्मजात हृदय रोग और कटे होंठ-तालु जैसी बीमारियों का इलाज अत्यंत महंगा और जटिल होता है, जिसे सामान्य परिवार वहन नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से अब जिले के बच्चों को निःशुल्क जांच, रेफरल तथा उच्च स्तरीय अस्पतालों में इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जो गरीब परिवारों के लिए बड़ा सहारा है।


कई बच्चों को मिल चुका है नया जीवन
उन्होंने बताया कि जिले में अब तक कई बच्चों को इस योजना का लाभ मिल चुका है। समय पर पहचान और उचित उपचार से अनेक बच्चे गंभीर बीमारियों से मुक्त होकर सामान्य जीवन जी रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-गांव जाकर बच्चों की पहचान कर रही है, ताकि कोई भी जरूरतमंद बच्चा इस सुविधा से वंचित न रह जाए।


परिवारों में जगी उम्मीद
पटना भेजे गए बच्चों के परिजन भावुक नजर आए। उनका कहना था कि यदि यह योजना नहीं होती, तो वे अपने बच्चों का इलाज कराने की कल्पना भी नहीं कर सकते थे। अब उनके मन में विश्वास जगा है कि उनके बच्चे भी स्वस्थ होकर सामान्य और खुशहाल जीवन जी सकेंगे।


समय पर पहचान से संभव है पूर्ण इलाज
एसडीपीएम डॉ. मुनाजिम ने बताया कि जन्मजात बीमारियों की समय पर पहचान और उचित इलाज से उन्हें पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से लगातार स्क्रीनिंग और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)