अभिनेत्री निधि अग्रवाल को बेक़ाबू भीड़ ने घेरा, मामला दर्ज; सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा

हैदराबाद, 18 दिसंबर 2025: फिल्म ‘द राजा साब’ के गाने के लॉन्च इवेंट के दौरान अभिनेत्री निधि अग्रवाल के साथ हुई धक्का-मुक्की का मामला अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। हैदराबाद के कुकटपल्ली हाउसिंग बोर्ड (केपीएचबी) थाना पुलिस ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए केस दर्ज कर लिया है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि इवेंट से बाहर निकलते समय निधि अग्रवाल बेक़ाबू प्रशंसकों की भीड़ में फंस जाती हैं। भीड़ उन्हें चारों ओर से घेर लेती है, जिससे अभिनेत्री के लिए अपनी कार तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है। वीडियो में उनके बॉडीगार्ड किसी तरह उन्हें धक्का-मुक्की से निकालकर कार में बैठाते नजर आते हैं, लेकिन कार में बैठने के बाद भी निधि अग्रवाल सहमी हुई दिखाई देती हैं।

यह घटना बुधवार को हैदराबाद में आयोजित ‘द राजा साब’ फिल्म के गाने के लॉन्च इवेंट के दौरान हुई। बताया जा रहा है कि इवेंट में उम्मीद से कहीं ज्यादा प्रशंसक पहुंच गए थे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में मॉल प्रबंधन और इवेंट आयोजकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उन पर बिना पूर्व अनुमति के कार्यक्रम आयोजित करने का आरोप लगाया गया है।

कुकटपल्ली थाने के एक अधिकारी ने बताया,
“एक सेलेब्रिटी को बुलाया गया था और यह इवेंट बिना मंजूरी के आयोजित किया गया। इसी वजह से मामला दर्ज किया गया है।”

अंग्रेज़ी अख़बार टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, यह आयोजन फिल्म ‘द राजा साब’ के गाने के लॉन्च के लिए किया गया था, लेकिन प्रशंसकों की संख्या अनुमान से अधिक होने के कारण सुरक्षा इंतज़ाम नाकाफी साबित हुए।

वहीं द हिंदू अख़बार से बातचीत में इंस्पेक्टर एस. राजशेखर रेड्डी ने कहा कि आयोजकों के पास इवेंट आयोजित करने की कोई पूर्व अनुमति नहीं थी। पुलिस अब भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की जांच कर रही है।

घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा साफ देखा जा रहा है। कई यूज़र्स ने इसे “डरावना अनुभव” बताया, तो कुछ ने इसकी ज़िम्मेदारी सीधे तौर पर फिल्म की प्रोडक्शन टीम और आयोजकों पर डाली है।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)