दैनिक समाज जागरण
चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े चेन झपटमारी की घटना से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई। लुपुंगडीह पंचायत के बुरुडूंगरी लेंगडीह गांव में बाइक सवार दो युवकों ने 72 वर्षीय बावली सेन को बातचीत में उलझाकर उनके गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात के बाद दोनों युवक तेज रफ्तार में मौके से निकल गए।


जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10:45 बजे बावली सेन अपने घर के पास तालाब की ओर थीं। इसी दौरान बाइक से पहुंचे दो युवकों ने उन्हें ‘मौसी’ कहकर बातचीत शुरू की। महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही एक युवक ने उनके गले में पहनी सोने की चेन पर झपट्टा मार दिया।
अचानक हुई इस घटना में महिला ने चेन पकड़ने का प्रयास किया। छीना-झपटी के दौरान चेन टूट गई और उसका कुछ हिस्सा महिला के हाथ में रह गया। इसके बाद दोनों युवक बाइक से न्यू बायपास-18 हाईवे की ओर भाग निकले। महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें पकड़ नहीं सके।
पीड़िता ने बताया कि सोने की उक्त चेन उन्होंने वर्ष 2021 में करीब 66 हजार रुपये में खरीदी थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही नीमडीह थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ और एसआई रतन लाल मुर्मू पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के संभावित रास्तों और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

दिन के उजाले में गांव के भीतर हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बाहरी बाइक सवारों की गतिविधियों पर नजर रखने की जरूरत है। फिलहाल पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए उनके भागने के रास्ते और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



