google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

सेवा संकल्प अभियान से जन-जन तक पहुंचेगा ‘विकसित भारत-2047’ का संदेश

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर

समाज जागरण/ब्यूरो चीफ विजय कुमार अग्रहरी

सोनभद्र। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान को प्रभावी, व्यापक और परिणामपरक बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग हंसराज विश्वकर्मा ने की। बैठक में एमएलसी विनीत कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे जनसेवा, जनकल्याण और जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाया जाए। अभियान का प्रभाव ग्राम पंचायतों से लेकर नगरीय क्षेत्रों तक स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, दिव्यांगजन कल्याण शिविर, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य एवं पोषण कार्यक्रम, शिक्षा एवं युवा संवाद, रोजगार एवं आजीविका से जुड़े कार्यक्रम तथा जनजागरूकता अभियान आयोजित किए जाएं। इन कार्यक्रमों में युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों, लाभार्थियों और आम नागरिकों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव और लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को भी अभियान का हिस्सा बनाया जाए। विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं से हुए बदलाव को डिजिटल माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की दिशा में भी कार्य किया जाए।

भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को व्यापक स्वरूप देने के लिए जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सेवा और जनकल्याण की भावना को गांव-गांव तक पहुंचाते हुए पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सामूहिक प्रयास किया जाना चाहिए।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रम केवल औपचारिकता बनकर न रह जाएं, बल्कि उनका सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने नोडल अधिकारियों को समय से तैयारियां पूरी करने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने सेवा संकल्प अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ग्राम पंचायत, विकासखंड और जनपद स्तर पर स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, स्वच्छता, रोजगार, युवा सहभागिता, जनजागरूकता और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा की भावना और ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना ही अभियान की वास्तविक सार्थकता होगी।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)