कंधे के इलाज के लिए अस्पताल आया था आरोपी, पार्किंग से उठाई कार की चाबी; दोस्त को बुलाकर दिया वारदात को अंजाम
समाज जागरण संवाददाता
नोएडा। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने कार चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से फोर्टिस अस्पताल की पार्किंग से चोरी की गई किआ सेल्टोस कार बरामद की है। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस ने रविवार, 22 नवंबर 2026 को तीनों आरोपियों को सेक्टर-57 स्थित जुबिलेंट पार्क के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निकुंज मनि पुत्र उमेश चन्द्र (20 वर्ष), रंजीत कुमार पुत्र राजपाल सिंह (22 वर्ष) और शांतनु यादव पुत्र धर्मेन्द्र कुमार (19 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों कासगंज जिले के कोतवाली क्षेत्र के निवासी हैं।
कंधे के इलाज के लिए अस्पताल आया था आरोपी
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी रंजीत कुमार अपने कंधे का इलाज कराने के लिए फोर्टिस अस्पताल, सेक्टर-62 नोएडा आया हुआ था। उसके साथ उसका साथी शांतनु यादव भी था। रात के समय दोनों अस्पताल की पार्किंग में घूम रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर वहां खड़ी एक किआ सेल्टोस कार पर पड़ी। आरोपियों ने पार्किंग से कार की चाबी हासिल कर ली।
पुलिस के मुताबिक, रंजीत के कंधे में चोट होने और शांतनु को कार चलाना नहीं आने के कारण दोनों ने अपने दोस्त निकुंज मनि को चोरी की योजना बताकर बुला लिया। इसके बाद निकुंज और शांतनु कार लेकर अस्पताल से फरार हो गए। वहीं, रंजीत अस्पताल से अपना उपचार और छुट्टी की प्रक्रिया पूरी करने के बाद अगले दिन कासगंज चला गया।
सीसीटीवी और स्थानीय सूचना से पकड़े गए आरोपी
कार चोरी की घटना के बाद थाना सेक्टर-58 पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर जांच शुरू की। इसी क्रम में तीनों आरोपियों को जुबिलेंट पार्क, सेक्टर-57 से गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से चोरी की गई किआ सेल्टोस कार संख्या यूपी37एबी8990 बरामद हुई है।
इस मामले में थाना सेक्टर-58 पर मुकदमा अपराध संख्या 423/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 317(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



