गुलमोहर मार्केट में शराब की दुकान शिफ्ट होने से महिलाओं की बढ़ी परेशानी, दुकानदारों में रोष

नोएडा, 24 अक्टूबर 2025 | समाज जागरण

नोएडा सेक्टर-15 स्थित गुलमोहर मार्केट में शराब की दुकान शिफ्ट किए जाने के बाद स्थानीय दुकानदारों और निवासियों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। इस मुद्दे को लेकर दुकानदारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी नोएडा को ज्ञापन सौंपा और शराब की दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है।

दुकानदारों का कहना है कि शराब की दुकान खुलने के बाद से मार्केट का माहौल असुरक्षित हो गया है। शाम के समय शराब पीने वालों की भीड़ लग जाती है, जिससे आए दिन गाली-गलौज और झगड़े जैसी घटनाएँ घट रही हैं। इससे न केवल दुकान पर आने वाले ग्राहकों को दिक्कत हो रही है, बल्कि आसपास रहने वाले लोग भी परेशान हैं।

व्यापारियों ने बताया कि शराब की दुकान के ठीक बगल में एक महिला की दुकान है, जो अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। इसके अलावा मार्केट में कई ऐसी दुकानें हैं जहाँ महिलाएँ काम करती हैं या खुद दुकानों का संचालन करती हैं। शराब की दुकान के कारण महिला दुकानदारों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, लेकिन प्रशासन ने इस पहलू पर कोई ध्यान नहीं दिया है।

स्थानीय दुकानदारों ने कहा कि गुलमोहर मार्केट एक व्यावसायिक और पारिवारिक माहौल वाला क्षेत्र है, जहाँ रोजाना बड़ी संख्या में ग्राहक और महिलाएँ खरीदारी करने आती हैं। ऐसे में शराब की दुकान का संचालन यहाँ अवांछित और असुरक्षा बढ़ाने वाला कदम है।

दुकानदारों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि सेक्टर-15 गुलमोहर मार्केट से शराब की दुकान को शीघ्र हटाया जाए, ताकि मार्केट का सामान्य और सुरक्षित वातावरण बहाल हो सके। देखना होगा कि जिलाधिकारी जो स्वयं एक महिला है और प्रदेश मे महिला सशक्तिकरण अभियान चलाये जा रहे ऐसे मे इस मार्केट मे महिला के समस्या को कैसे देखती है। उन महिलाओं को सुरक्षा की भावन पुन: जागृत कर पाती है या नही ?

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)