google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

# नोएडा के सेक्टर-105 में 16 दिसंबर से होगी नौ दिवसीय श्रीराम कथा, 25 दिसंबर को हवन और विशाल भंडारे का आयोजन

*महामंडलेश्वर स्वामी पंचमानंद भारती जी महाराज करेंगे कथा का वाचन, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने क्षेत्रवासियों से की शामिल होने की अपील**

**नोएडा।** सेक्टर-105 में आगामी 16 दिसंबर से 24 दिसंबर 2026 तक नौ दिवसीय भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। सेक्टर-105 स्थित सामुदायिक केंद्र में प्रतिदिन शाम पांच बजे से कथा का आयोजन होगा। कथा व्यास अनंत श्री विभूषित श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी पंचमानंद भारती जी महाराज अपने श्रीमुख से भगवान श्रीराम की महिमा और उनके आदर्शों का वर्णन करेंगे। आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।



इस धार्मिक आयोजन के सिलसिले में महामंडलेश्वर स्वामी पंचमानंद भारती जी महाराज सेक्टर-105 पहुंचे, जहां आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और नारियल-फल भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की ओर से कथा के आयोजन की स्वीकृति देने के लिए महाराज श्री का आभार व्यक्त किया।



आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन चरित्र केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा भी है। उनके आदर्शों से परिवार में प्रेम, बड़ों के प्रति सम्मान, भाईचारा, त्याग, सत्य और सेवा की भावना मजबूत होती है। रामकथा के माध्यम से लोगों को भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म के मूल्यों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि कथा की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए क्षेत्र के प्रत्येक घर तक आमंत्रण पहुंचाया जा रहा है, ताकि कोई भी परिवार इस आध्यात्मिक आयोजन से वंचित न रहे। कथा के समापन के बाद 25 दिसंबर 2026 को विधि-विधान से हवन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार देव मणि शुक्ल, संजय पांडेय, रमेश चंद्र दास, किसान नेता रवि राघव, सियाराम, एडवोकेट राजेश कुमार गुप्ता, गोरे लाल, अंगद सिंह तोमर, दिनेश पाठक, संगम प्रसाद मिश्र, रमेश कुमार वर्मा, विकास शर्मा, हरिशंकर सिंह एवं सुभाष चंद्र शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग का आश्वासन दिया।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने सेक्टर-105 सहित पूरे नोएडा के निवासियों से परिवार सहित श्रीराम कथा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सद्भाव, संस्कार और सकारात्मकता को बढ़ावा देते हैं।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)