google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

सेक्टर-56 में बिजली व्यवस्था बदहाल, जर्जर खंभों और अधूरे कार्यों से हादसे का खतरा

प्लॉट होल्डर्स रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने विद्युत विभाग के अधिकारियों पर लगाया समस्याओं की अनदेखी का आरोप, निर्बाध बिजली आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग

समाज जागरण संवाददाता

नोएडा। सेक्टर-56 में बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर स्थानीय निवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। जर्जर बिजली के खंभे, ट्रांसफार्मरों की खराब सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीन बेल्ट में अधूरे पड़े कार्य और बार-बार बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। इन समस्याओं को लेकर प्लॉट होल्डर्स रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय मावी और जे.एम. सेठ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि सेक्टर की विभिन्न समस्याओं को लेकर लंबे समय से विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। आरोप है कि कई बार अधिकारी निरीक्षण कर आश्वासन देते हैं, लेकिन कुछ समय बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है।

जर्जर बिजली के खंभों से हादसे का खतरा

एसोसिएशन ने सेक्टर के विभिन्न ब्लॉकों में बिजली के नीचे से गल चुके खंभों की समस्या उठाई है। निवासियों के अनुसार, कई खंभे इतने कमजोर हो चुके हैं कि कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। एसोसिएशन ने मांग की है कि ऐसे सभी खंभों का सर्वे कराकर उन्हें तत्काल बदला जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

सेक्टर के कई ब्लॉकों में ट्रांसफार्मर बदलने और उनके चारों ओर सुरक्षित बाउंड्री बनाने की जरूरत बताई गई है। एसोसिएशन का कहना है कि कई स्थानों पर ट्रांसफार्मरों की बाउंड्री क्षतिग्रस्त हो चुकी है। ए-ब्लॉक के ट्रांसफार्मर की टूटी बाउंड्री इसका उदाहरण है। वहीं, ग्रीन बेल्ट में ट्रांसफार्मर से संबंधित कार्य कई सप्ताह से अधूरा पड़ा हुआ है। इससे सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

खुदाई के बाद रास्ते नहीं किए जा रहे दुरुस्त

एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि बिजली की भूमिगत केबल डालने और अन्य कार्यों के दौरान सड़कों तथा रास्तों पर गड्ढे खोद दिए जाते हैं, लेकिन काम पूरा होने के बाद उन्हें व्यवस्थित नहीं किया जाता। कई ब्लॉकों में रास्ते उबड़-खाबड़ पड़े हैं। इसके अलावा कार्यों के दौरान बिजली के खंभों पर लगी स्ट्रीट लाइटों के तार कट गए, जिन्हें महीनों बाद भी ठीक नहीं कराया गया है। ए-ब्लॉक और जी-ब्लॉक सहित कई स्थानों पर अंधेरे की समस्या बनी हुई है।

बिना सूचना घंटों बिजली कटौती से परेशानी

निवासियों ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कई बार बिना पूर्व सूचना के घंटों बिजली काट दी जाती है। शिकायत करने पर अलग-अलग कारण बताए जाते हैं, लेकिन जिम्मेदारी तय नहीं होती। इससे घरेलू कामकाज के साथ-साथ अन्य जरूरी गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों का आरोप है कि अध्यक्ष की ओर से लगातार अनुस्मारक देने के बाद वरिष्ठ अधिकारी निरीक्षण के लिए पहुंचते हैं और समस्याओं के समाधान का आश्वासन देकर चले जाते हैं। वहीं, निचले स्तर पर कुछ काम कराकर उनकी तस्वीरें भेज दी जाती हैं और कार्य पूरा होने की सूचना दे दी जाती है, जबकि वास्तविक समस्याएं जस की तस बनी रहती हैं।

शीघ्र समाधान की मांग

एसोसिएशन ने विद्युत विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से सार्वजनिक रूप से मांग की है कि सेक्टर की बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए। जर्जर खंभों को बदला जाए, ट्रांसफार्मरों की सुरक्षित बाउंड्री बनाई जाए, अधूरे कार्य पूरे किए जाएं, खुदाई के बाद रास्तों को दुरुस्त कराया जाए और खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराया जाए। साथ ही बिजली कटौती की स्थिति में जवाबदेही तय करने की भी मांग की गई है।

एसोसिएशन का कहना है कि सेक्टरवासियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना विद्युत विभाग की जिम्मेदारी है। केवल निरीक्षण और आश्वासन से समस्याओं का समाधान नहीं होगा, बल्कि धरातल पर काम पूरा कराना जरूरी है।

Think


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)