नोएडा।नोएडा सेक्टर-45 स्थित सदरपुर कॉलोनी में बीते कई महीनों से एक नाली खुली पड़ी है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया और आईजीआरएस के माध्यम से कई बार शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इस खुली नाली में अब तक कई वाहन गिर चुके हैं, जिससे जहां वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं, वहीं कई चालकों को गंभीर चोटें भी आई हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार सदरपुर कॉलोनी की गली नंबर-18 में स्थित यह नाली तीन महीने से अधिक समय से टूटी हुई है। इसके कारण वाहनों की आवाजाही में भारी परेशानी हो रही है। कोहरे और रात के समय यह नाली दिखाई नहीं देती, जिससे आए दिन वाहन इसमें गिरकर क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालक अधिक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
गंभीर बात यह है कि इसी मार्ग से श्री जी संस्कार पब्लिक स्कूल और आदर्श पब्लिक स्कूल के छात्र रोजाना स्कूल आते-जाते हैं। ऐसे में परिजनों को हमेशा किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार सोशल मीडिया और आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की गई, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
हाल ही में नोएडा प्राधिकरण के सीईओ द्वारा क्षेत्र का निरीक्षण भी किया गया था, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि या तो अधिकारियों ने उन्हें इस समस्या की जानकारी नहीं दी या फिर जानबूझकर इस गंभीर स्थिति को नजरअंदाज किया गया।
इसके अलावा सदरपुर कॉलोनी में सीवर जाम की समस्या भी विकराल रूप ले चुकी है। आए दिन गलियों में सीवर का गंदा पानी ओवरफ्लो हो जाता है, जिससे लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि वे खुद को स्मार्ट सिटी नोएडा के अंतर्गत आने के बावजूद उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि चाहे नोएडा प्राधिकरण के सीईओ द्वारा निर्देश दिए भी गए हों, लेकिन जमीनी स्तर पर सर्किल अधिकारी और सुपरवाइजर उन आदेशों को गंभीरता से नहीं लेते। कई बार शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है, जिससे कॉलोनीवासियों में भारी आक्रोश है।
कॉलोनीवासियों ने नोएडा प्राधिकरण से मांग की है कि खुली नाली को अविलंब ढकवाया जाए, सीवर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले स्थिति को संभाला जा सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



