नोएडा। नोएडा सेक्टर-45 सदरपुर कॉलोनी, गली नंबर-18 में श्री जी संस्कार पब्लिक स्कूल के पास नाली की जाली पिछले कई महीनों से टूटी पड़ी है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि यह स्थिति कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
विद्यालय के पास नाली की जाली टूटी होने से स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। रोजाना बच्चों, राहगीरों, दोपहिया और चारपहिया वाहनों का इस रास्ते से आना-जाना लगा रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, अंधेरे या बारिश के समय कोई भी व्यक्ति या वाहन चालक नाली में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो सकता है।
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर नोएडा प्राधिकरण के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (X) पर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन हर बार केवल औपचारिक जवाब देकर मामला बंद कर दिया जाता है। जमीनी स्तर पर आज तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह समस्या केवल एक गली तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी सदरपुर कॉलोनी में कई स्थानों पर नालियों की जालियां टूटी हुई हैं। कुछ शिकायतें तो वर्षों पुरानी हैं, जिन पर अब तक न तो टेंडर पास हुआ और न ही मरम्मत का कार्य शुरू हुआ।
कॉलोनीवासियों में इस बात को लेकर रोष है कि ऐसा प्रतीत होता है जैसे नोएडा प्राधिकरण ने गांवों और कॉलोनियों की समस्याओं को नजरअंदाज करने का मन बना लिया हो। लोगों का कहना है कि यदि शिकायतों पर कार्यवाही नहीं करनी है, तो सोशल मीडिया शिकायत प्रणाली का कोई औचित्य नहीं रह जाता।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि तुरंत टूटी नाली की जालियों की मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले समस्या का समाधान हो सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



