शीतलहर और घने कोहरे में सतर्कता जरूरी, बच्चों व चिर रोगियों को घर में रहने की सलाह

डॉ. आरसी प्रसाद मेहता ने जारी की स्वास्थ्य एडवाइजरी, स्कूल समय में बदलाव पर भी दिया जोर
मिंटू कुमार समाज जागरण हजारीबाग
बढ़ती ठंड, शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए मेहता हॉस्पिटल के निदेशक एवं कांग्रेस स्वास्थ्य विभाग के प्रमंडलीय अध्यक्ष डॉ. आरसी प्रसाद मेहता ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उन्होंने कहा कि बच्चे, बुजुर्ग और डायबिटीज, हृदय, किडनी व अस्थमा जैसी चिर रोगों से ग्रसित लोग अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।

उन्होंने कहा कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही बाहर जाएं और गर्म कपड़े, स्वेटर, कोट, दस्ताने व टोपी पहनकर निकलें। साथ ही गर्म पानी और गर्म तरल पदार्थ का अधिक सेवन करें। छोटे स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डॉ. मेहता ने सरकारी एवं निजी स्कूल संचालकों से कोहरे के दौरान स्कूल समय में बदलाव या आवश्यकता पड़ने पर स्कूल बंद रखने की अपील की, ताकि बच्चों का स्वास्थ्य सुरक्षित रहे।

डॉ. आर सी प्रसाद मेहता ने कहा कि ठंड के मौसम में फ्रिज में रखे खाद्य पदार्थों से परहेज करें और हृदय रोगी नियमित रूप से ब्लड प्रेशर, पल्स और ब्लड शुगर की जांच कराते रहें। उन्होंने चेतावनी दी कि सर्दी में हीटर, अंगीठी या बोरसी का उपयोग बंद कमरे में सोते समय न करें, क्योंकि इससे ऑक्सीजन की कमी और कार्बन डाइऑक्साइड बढ़ने से दुर्घटना या जान का खतरा हो सकता है।

खान-पान को लेकर उन्होंने बताया कि शाकाहारी लोग पनीर, मटर व हरी सब्जियों का सेवन करें, जबकि मांसाहारी व्यक्ति सामर्थ्य अनुसार अंडा, मांस और मछली का उपयोग कर सकते हैं। उन्होंने पर्याप्त मात्रा में पानी पीने पर जोर देते हुए कहा कि सर्दियों में लोग कम पानी पीते हैं, जिससे डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है। साथ ही धूम्रपान और मदिरापान से दूर रहने की सलाह दी।

वाहन चालकों को सतर्क करते हुए डॉ. आर सी प्रसाद मेहता ने कहा कि कोहरे के समय वाहन की लाइट जलाकर धीमी गति से चलें और चारों ओर देखकर सुरक्षित ड्राइविंग करें, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)