जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए आगे आए लेखपाल, चिकित्सकों ने युवाओं से की रक्तदान की अपील
समाज जागरण/मनोज कुमार चौबे
ओबरा, सोनभद्र। लेखपाल संघ की ओर से ओबरा तहसील में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जरूरतमंद मरीजों की सहायता और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में 25 यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया। शिविर में सोनभद्र के सरकारी अस्पताल से मेडिकल टीम भी पहुंची।
आंदोलन वापस होने के बाद भी जारी रखी पहल
लेखपाल संघ के ओबरा तहसील अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि संघ के आंदोलन के दौरान ही रक्तदान शिविर आयोजित करने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, अब आंदोलन वापस हो चुका है, लेकिन रक्तदान सामाजिक, जनहित और राष्ट्रहित से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। इसी भावना के तहत संघ ने शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों की मदद करना और लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना है।
थैलेसीमिया और सिकल सेल के मरीजों को होती है रक्त की जरूरत
ऑटोनॉमस ब्लड सेंटर की मेडिकल ऑफिसर डॉ. पेटीश्री ने रक्तदान शिविर को सराहनीय पहल बताया। उन्होंने बताया कि शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक आयोजित किया गया। इसमें 25 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया, ताकि जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिल सके।
डॉ. पेटीश्री ने बताया कि थैलेसीमिया और सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित मरीजों को कई बार नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए ब्लड सेंटर में पर्याप्त रक्त का भंडार होना जरूरी है।
युवाओं से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील
डॉ. पेटीश्री ने कहा कि रक्त का निर्माण किसी फैक्ट्री में नहीं होता, बल्कि स्वस्थ लोगों के स्वैच्छिक रक्तदान से ही जरूरतमंद मरीजों की सहायता संभव है। उन्होंने युवाओं और शिक्षित लोगों से रक्तदान को लेकर भय और झिझक दूर करने तथा इस नेक कार्य के लिए आगे आने की अपील की।
उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाकर अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जा सकता है। लेखपाल संघ की इस पहल के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और जरूरतमंद मरीजों की मदद करने का संदेश दिया गया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



