पंकज कुमार पाठक,समाज जागरण
पदमा। प्रखंड क्षेत्र के सूरजपुरा गांव में मंगलवार, 18 नवंबर को कार्तिक उद्यापन एवं अक्षय नवमी के पावन अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष, बच्चे एवं बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच निकली कलश यात्रा से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा।
कलश यात्रा में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और भक्ति के साथ शामिल हुईं। भगवान के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान होता रहा। यात्रा के दौरान श्रद्धालु नदी तट पहुंचे, जहां विधि-विधान से गंगा मैया की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद सभी श्रद्धालु परतन शिव मंदिर पहुंचे। यहां अक्षय नवमी के अवसर पर आंवला वृक्ष की विधिवत पूजा की गई। महिलाओं ने धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।
आयोजन को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा गया। धार्मिक अनुष्ठान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच पूरे क्षेत्र में आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर पुरोहित रंजित पाण्डेय, आशीष पाण्डेय, अविनाश पाण्डेय, मुकेश पाण्डेय, उज्ज्वल पाण्डेय, मुख्य पुजारी टिकेश्वर मेहता, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि परमेश्वर मेहता, अमरजीत कुमार, चंद्रकांत पटेल, विनोद मेहता सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



