प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र की मौत
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के रूपसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चूल्हाई चक के पास मंगलवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार छात्र की मौत हो गई। तेज रफ्तार मालवाहक ऑटो और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मृतक की पहचान मूल रूप से आरा जिले के बखरिया गांव निवासी सतेंद्र सिंह के 23 वर्षीय पुत्र युवराज सिंह के रूप में की गई है। युवराज वर्तमान में रूपसपुर थाना क्षेत्र के रामजयपाल स्थित अर्पणा बैंक कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। घटना के संबंध में मृतक के भाई अर्जुन सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात युवराज अपनी मोटरसाइकिल से रामजयपाल से दानापुर रेलवे स्टेशन ट्रेन पकड़ने के लिए जा रहा था। इसी दौरान चूल्हाई चक के समीप सामने से आ रही एक तेज रफ्तार मालवाहक ऑटो ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ऑटो समेत मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा, जबकि युवराज सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया।
परिजनों को फोन के माध्यम से हादसे की सूचना मिलने पर वे तुरंत मौके पर पहुँचे और साँस चल रही हालत में उसे इलाज के लिए सगुना मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहाँ जाँच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस आकस्मिक त्रासदी से परिवार की सारी खुशियां उजड़ गईं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही रूपसपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुँची और बुधवार को शव को अपने कब्जे में लेकर दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। रूपसपुर थानाध्यक्ष शशि भूषण सिंह ने बताया कि मृतक के भाई के लिखित बयान पर मालवाहक ऑटो चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं, यातायात प्रभारी थानाध्यक्ष सुमन प्रसाद ने कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल मालवाहक ऑटो को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



