google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

गोपाष्टमी पर बहल की श्री अलख गौशाला को मिली बड़ी सौगात, पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने प्रधान गजानंद अग्रवाल को सौंपा 18 लाख 76 हजार रुपये का चैक

दैनिक समाज जागरण, [[ महेन्द्र जावला बहल ]]

बहल, 17 नवंबर । गोपाष्टमी के पावन पर्व पर बहल की श्री अलख गौशाला में आयोजित गौ पूजन कार्यक्रम में गौ सेवा को बड़ी सौगात मिली। इस अवसर पर पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने श्री अलख गौशाला के प्रधान गजानंद अग्रवाल को गौशाला के विकास एवं गौ सेवा कार्यों के लिए 18 लाख 76 हजार रुपये का चैक भेंट किया।

चैक मिलते ही गौशाला परिसर में मौजूद गौ भक्तों में खुशी की लहर दौड़ गई और पूरा परिसर “जय गौ माता” के जयकारों से गूंज उठा। गौ भक्तों ने पूर्व मंत्री जेपी दलाल का आभार जताते हुए कहा कि इस राशि से गौशाला में गौ माताओं की सेवा, चारे-पानी और व्यवस्थाओं को और बेहतर किया जा सकेगा।

इस मौके पर प्रधान गजानंद अग्रवाल ने कहा कि गोपाष्टमी जैसे पावन पर्व पर मिली यह सहायता गौ सेवा के लिए बड़ा संबल है। उन्होंने कहा कि गौशाला प्रबंधन इस राशि का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ गौ माताओं की सेवा में करेगा। उन्होंने पूर्व मंत्री जेपी दलाल और सभी सहयोगियों का धन्यवाद किया।

कार्यक्रम में सुबह से ही गांव व आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में गौ भक्त पहुंचे। सभी ने गौ माताओं का पूजन कर, माला पहनाकर, तिलक लगाकर और चारा खिलाकर सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर अपने संबोधन में पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति की आत्मा है और गौ सेवा सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि बहल की श्री अलख गौशाला ने गौ सेवा के क्षेत्र में पूरे क्षेत्र में एक मिसाल कायम की है। यहां न केवल बेसहारा और बीमार गौओं की सेवा की जाती है, बल्कि उन्हें अच्छा चारा, पानी और चिकित्सा सुविधा भी दी जाती है। उन्होंने कहा कि गौशाला के इस सेवा कार्य में सरकार और समाज को हमेशा साथ खड़ा रहना चाहिए। उन्होंने गौशाला प्रबंधन को आश्वासन दिया कि भविष्य में भी गौशाला की हर संभव मदद की जाएगी।

उन्होंने युवाओं से भी आह्वान किया कि वे गौ सेवा से जुड़ें और अपने गांव-क्षेत्र की गौशालाओं को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि जब तक समाज में गौ सेवा का भाव जीवित है, तब तक हमारी संस्कृति और गांवों की खुशहाली बनी रहेगी।

पूजन के बाद सभी गौ भक्तों ने गौशाला परिसर का अवलोकन किया और प्रबंधन के कार्यों की सराहना की। भक्तों ने कहा कि गौशाला में सफाई, चारे की व्यवस्था और गौओं की देखभाल बहुत अच्छे ढंग से हो रही है। अंत में सभी ने गौ सेवा का संकल्प लिया और प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर प्रमोद अग्रवाल, रामभगत सैनी, चेतराम सैनी, पवन सोनी, सज्जन साबू, सुशील चैहडियां, मुन्ना तिवारी, शिवकुमार गोस्वामी, रामभगत खन्ना, सुनील चांदला, संदीप लाखलाण, प्रभु राम जांगडा, महेन्द्र जांगडा, विष्णु शर्मा, रमाकांत शर्मा, द्वारका प्रसाद नायक, रामनिवास सिंगल, मनोज नूनसर, बजरंग शर्मा, बिनोद, गोपाल शर्मा, हरद्वारी सोनी सहित अनेक गौ भक्त मौजूद रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)