दैनिक समाज जागरण 16.07.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुरड
जमशेदपुर भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के पावन अवसर पर केबुल टाउन स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में नवग्रह वाटिका के निर्माण की आधारशिला रखी गई। मंदिर के तृतीय स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने देवगुरु बृहस्पति से संबंधित पीपल का पौधा लगाकर नवग्रह वाटिका का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर विधायक सरयू राय ने बताया कि प्रस्तावित नवग्रह वाटिका का निर्माण 25 फीट × 25 फीट अर्थात 625 वर्ग फीट क्षेत्र में किया जाएगा। वाटिका में नवग्रहों के लिए समान दूरी पर अलग-अलग स्थान निर्धारित किए जाएंगे तथा प्रत्येक ग्रह से संबंधित वृक्ष लगाए जाएंगे। इसके साथ ही प्रत्येक ग्रह के चबूतरे पर संबंधित ग्रह की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर नवग्रहों की पूजा-अर्चना का अवसर प्राप्त होगा।
उन्होंने बताया कि गुरुवार का दिन देवगुरु बृहस्पति को समर्पित होता है और बृहस्पति ग्रह से संबंधित वृक्ष पीपल माना जाता है। इसी कारण गुरुवार के शुभ अवसर पर पीपल का पौधा लगाकर नवग्रह वाटिका के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। उन्होंने कहा कि अन्य ग्रहों से जुड़े वृक्षों के पौधे भी उनके निर्धारित वार और शुभ मुहूर्त के अनुसार लगाए जाएंगे।
सरयू राय ने बताया कि नवग्रह वाटिका का निर्माण आगामी शारदीय नवरात्र तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वाटिका के भीतर श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त खुला स्थान उपलब्ध रहेगा, जिससे वे प्रत्येक ग्रह तक आसानी से पहुंचकर पूजा, परिक्रमा और अर्चना कर सकेंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि एक दिन पूर्व 15 जुलाई को महामंडलेश्वर स्वामी उमाकांतानंद जी महाराज मंदिर परिसर पहुंचे थे। उन्होंने नवग्रह वाटिका के लिए उपयुक्त स्थल का चयन किया तथा शंखनाद और नारियल फोड़कर भूमि पूजन संपन्न कराया। स्वामी उमाकांतानंद जी महाराज ने मंदिर में स्थापित सभी विग्रहों का विशेष पूजन भी किया और नवग्रह वाटिका निर्माण के लिए शुभकामनाएं दीं।
मंदिर परिसर में गत बुधवार से श्री तुलसीदास रचित रामचरितमानस का अखंड पाठ भी आयोजित किया जा रहा था, जिसका समापन गुरुवार को हुआ। पाठ समाप्ति के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। प्रसाद में खीर, पूड़ी, चटनी तथा मिक्स वेज परोसा गया, जिसे बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया।
विधायक सरयू राय ने बताया कि श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में भगवान श्री लक्ष्मीनारायण, मां काली, भगवान शिव, श्री गणेश जी तथा श्री हनुमान जी के विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा वर्ष 2024 में आषाढ़ शुक्ल द्वितीया, अर्थात भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दिन संपन्न हुई थी। इसी कारण मंदिर का स्थापना दिवस प्रतिवर्ष रथयात्रा के अवसर पर मनाया जाता है।
समस्त धार्मिक एवं पूजन कार्यक्रम मंदिर के मुख्य पुजारी विनोद पांडे द्वारा विधिवत संपन्न कराया गया। कार्यक्रम के दौरान विधायक सरयू राय ने स्वयं नवग्रह वाटिका परिसर में पीपल का पौधा भी लगाया।
शिलान्यास कार्यक्रम में जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, नीरज सिंह, साकेत गौतम, असीम पाठक, बिनोद पांडेय, अशोक कुमार, विकास सिंह, समरेश सिंह, कुणाल कुमार, राहुल, दुर्गा कुमार, पंकज सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



