वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
16 जुलाई। ब्लॉक चौक स्थित सुल्तान मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्रीज के संचालक एवं ईंट व्यवसायी अब्दुल वाहिद ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया कि सिमलबाड़ी की एक विधवा महिला से लीज पर ली गई जमीन पर कब्जा करने की नीयत से भू-माफियाओं ने सुनियोजित हमला किया। इस मामले में भूमि स्वामिनी आशा देवी और ईंट व्यवसायी अब्दुल वाहिद, दोनों ने किशनगंज थाना में अलग-अलग लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है तथा आरोपितों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अब्दुल वाहिद ने बताया कि सिमलबाड़ी निवासी विधवा महिला आशा देवी ने अपनी वैध भूमि उन्हें लीज पर दी है, जहां वह सुल्तान मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्रीज के नाम से ईंट निर्माण का व्यवसाय संचालित कर रहे हैं। उनका आरोप है कि जमीन की बढ़ती कीमत को देखते हुए भू-माफियाओं की नजर इस भूमि पर है और इसी कारण लगातार अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि 12 जुलाई को जब वह अपनी फैक्ट्री पहुंचे, तभी मजहर उर्फ मुजाहिर, अजीजुल, रिजवान, माजिद आलम, मो. आजाद, मतीन आलम सहित करीब 150 से 200 लोगों ने हथियारों के साथ फैक्ट्री पर धावा बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की, फैक्ट्री परिसर में जमकर तोड़फोड़ की, उनकी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा कार्यालय में रखे करीब 4.65 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि पूरी घटना फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसकी वीडियो फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है।
वहीं, भूमि स्वामिनी आशा देवी ने भी अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि आरोपितों ने उनकी वैध जमीन पर जबरन कब्जा करने की नीयत से ईंट भट्ठा का गेट और बाउंड्री तोड़ दी, किरायेदार के साथ मारपीट की तथा विरोध करने पर उन्हें और उनके परिजनों को जान से मारने एवं हाथ-पैर काट देने की धमकी दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी उक्त लोगों द्वारा जमीन पर कब्जे का प्रयास किया जा चुका है।
प्रेस वार्ता में अब्दुल वाहिद ने कहा कि इस मामले में वह और भूमि स्वामिनी आशा देवी दोनों पीड़ित हैं तथा दोनों की ओर से किशनगंज थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि उन्हें पुलिस प्रशासन पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



