संदीप गर्ग / नोएडा: नोएडा सेक्टर 50 | भगवान महावीर की 2624वीं जयंती के पावन अवसर पर देशभर में हर्षोल्लास के साथ भव्य शोभायात्राएं एवं रथयात्राएं निकाली गईं। इसी क्रम में नोएडा के सेक्टर 50 स्थित जैन मंदिर में महावीर जयंती के उपलक्ष्य में भगवान महावीर के जन्मकल्याणक पर भव्य पालकी यात्रा का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर नोएडा जैन समाज के श्रद्धालुओं ने अहिंसा, सत्य एवं “जियो और जीने दो” के संदेश का व्यापक प्रसार किया। पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए प्रमुख मार्गों से भव्य पालकी यात्रा निकाली, जिससे सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण हो गया। यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः सेक्टर 50 जैन मंदिर पहुंची, जहां भगवान महावीर का विधिवत अभिषेक किया गया।
इस पावन अवसर पर विश्व जैन संगठन नोएडा के अध्यक्ष के. के. जैन ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान महावीर के उपदेश हमें यह प्रेरणा देते हैं कि हम अपने जीवन में अहिंसा, सत्य, त्याग और करुणा को अपनाएं। “जियो और जीने दो” का सिद्धांत केवल एक विचार नहीं, बल्कि एक जीवनशैली है, जो समाज में शांति, सद्भाव और सह-अस्तित्व को सुदृढ़ करता है। उन्होंने सभी से भगवान महावीर के बताए मार्ग पर चलकर एक नैतिक एवं संवेदनशील समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सेक्टर 50 जैन मंदिर के संरक्षक दिनेश जैन, अध्यक्ष प्रदीप जैन, पंकज जैन, राहुल जैन, राजीव जैन सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



