google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

विधायक सरयू राय के निर्देश पर शास्त्रीनगर में पहुंचा पानी का टैंकर, पाइपलाइन सुधार कार्य शुरू

दैनिक समाज जागरण 19.05.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के निर्देश पर यूआईएसीएल ने कदमा स्थित शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-4, रोड नंबर-3 में अगले चार-पांच दिनों के लिए पेयजल आपूर्ति हेतु पानी का टैंकर उपलब्ध कराया है। क्षेत्र के लोग पिछले पांच दिनों से गंभीर पेयजल संकट का सामना कर रहे थे। लगातार पानी की समस्या से परेशान स्थानीय निवासियों ने विधायक सरयू राय से संपर्क कर अपनी समस्या बताई, जिसके बाद उन्होंने तत्काल मामले में हस्तक्षेप करते हुए अपने जनसुविधा प्रतिनिधियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।


विधायक के निर्देशानुसार मंगलवार को नीरज सिंह, भीम सिंह और अमरेंद्र मल्लिक के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल यूआईएसीएल के वाटर डिवीजन के मुख्य प्रबंधक राजीव कुमार से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें शास्त्रीनगर क्षेत्र में उत्पन्न पेयजल संकट की गंभीरता से अवगत कराया और बताया कि विगत कई दिनों से लोगों के घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य प्रबंधक राजीव कुमार ने तुरंत संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उसी दिन क्षेत्र में जाकर यह जांच करें कि आखिर किन कारणों से पेयजल आपूर्ति बाधित हुई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि पानी की समस्या स्लो प्रेशर के कारण उत्पन्न हो रही है, तो तत्काल वैकल्पिक पाइपलाइन बिछाकर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए ताकि स्थानीय लोगों को भविष्य में ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।


राजीव कुमार ने यह भी सुनिश्चित किया कि जब तक पाइपलाइन की समस्या पूरी तरह दूर नहीं हो जाती, तब तक संबंधित क्षेत्र में पानी का टैंकर लगातार उपलब्ध कराया जाएगा। उनके निर्देश के बाद तत्काल क्षेत्र में पानी का टैंकर भेजा गया, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिली। साथ ही पाइपलाइन सुधार एवं नई पाइपलाइन डालने का कार्य भी शुरू कर दिया गया।


इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने यूआईएसीएल अधिकारियों का ध्यान कदमा के अन्य क्षेत्रों की समस्याओं की ओर भी आकर्षित कराया। प्रतिनिधियों ने बताया कि टैंक रोड, बंधु पथ और साईं कॉलोनी में करीब 15 दिन पहले नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया गया था, लेकिन उसके बाद सड़कों की मरम्मत नहीं की गई। इससे स्थानीय लोगों को आवाजाही में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और सड़कें जर्जर स्थिति में पहुंच गई हैं।


प्रतिनिधिमंडल की शिकायत पर मुख्य प्रबंधक राजीव कुमार ने तत्काल संबंधित विभागीय अधिकारियों को सड़क मरम्मत का आदेश दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगले दो दिनों के भीतर क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया जाएगा, ताकि लोगों को राहत मिल सके।


इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल में केपी सिंह, डिपल बिस्वास, माधव सिंह, धानू सिंह, राहुल तिवारी, दिनेश त्रिपाठी, रवींद्र राय, मुकेश सिंह, विनोद शर्मा, रॉबर्ट फ्रांसिस, प्रदीप सिंह सहित कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने विधायक सरयू राय और यूआईएसीएल प्रबंधन के त्वरित प्रयास की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही क्षेत्र की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)