ऑनलाइन खरीदारी में डिस्काउंट से व्यापार संकट में, सरकार एमआरपी तय करे : अमित कपूर

स्थानीय व्यापार को बचाने के लिए ऑनलाइन शॉपिंग की आदत छोड़नी होगी


पंजाब फिरोजपुर रघुनंदन पराशर/दैनिक समाज जागरण चीफ ब्यूरो पंजाब

फिरोजपुर/जालालाबाद, 13 मई :पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमित कपूर ने बढ़ती ऑनलाइन शॉपिंग के दौर पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि व्यापारी वर्ग और आम लोग अपने स्थानीय व्यापार को बचाना चाहते हैं तो सबसे पहले अपने घरों में ऑनलाइन खरीदारी को कम करना होगा। उन्होंने कहा कि आज दुकानदारों का कारोबार लगातार प्रभावित हो रहा है, जिसका सबसे बड़ा कारण ऑनलाइन कंपनियों की बढ़ती पकड़ है।उन्होंने कहा कि पहले लोग अपने शहर और बाजार की दुकानों से खरीदारी करते थे, जिससे स्थानीय व्यापार मजबूत रहता था और बाजारों में रौनक बनी रहती थी। लेकिन अब धीरे-धीरे लोग मोबाइल पर कुछ ही मिनटों में सामान मंगाने के आदी हो चुके हैं, जिसके कारण छोटे दुकानदार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।


अमित कपूर ने कहा कि “जब हमारे अपने बाजार बंद होंगे तो इसका असर केवल व्यापारियों पर ही नहीं बल्कि उन परिवारों पर भी पड़ेगा जो दुकानों, गोदामों, ट्रांसपोर्ट और अन्य छोटे रोजगारों से जुड़े हुए हैं। स्थानीय व्यापार खत्म होने का मतलब हजारों लोगों की आजीविका पर खतरा मंडराना है।”उन्होंने कहा कि स्थानीय दुकानदार हर समय लोगों की सुविधा के लिए उपलब्ध रहते हैं। जरूरत पड़ने पर उधार में सामान देना, ग्राहकों को तुरंत सेवा उपलब्ध करवाना और सामाजिक रिश्तों को निभाना केवल स्थानीय व्यापारी ही कर सकते हैं। ऑनलाइन कंपनियां केवल व्यापार करती हैं, जबकि स्थानीय दुकानदार समाज और लोगों के सुख-दुख से भी जुड़े रहते हैं।उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर किसी शहर का बाजार मजबूत होगा तो वहां का विकास भी तेजी से होगा। बाजारों में व्यापार बढ़ने से रोजगार के अवसर पैदा होंगे और युवाओं को भी काम मिलेगा। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने शहर और अपने बाजार से खरीदारी करने को प्राथमिकता देनी चाहिए।


अमित कपूर ने व्यापारियों से भी आग्रह किया कि वे ग्राहकों के साथ अच्छा व्यवहार करें, उचित दाम पर गुणवत्तापूर्ण सामान उपलब्ध करवाएं और समय के अनुसार अपने व्यापार में बदलाव लाएं, ताकि ग्राहक स्थानीय दुकानों से जुड़ाव महसूस करें।उन्होंने कहा कि “हमें यह समझना होगा कि अगर आज हम सुविधा के नाम पर लगातार ऑनलाइन शॉपिंग को बढ़ावा देते रहे तो आने वाले समय में व्यापारियों का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है। इसलिए स्थानीय व्यापार को बचाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।”हम व्यापारियों को भी ऑनलाइन पे खरीदारी बंद करनी होगी। इस दौरान उन्होंने लोगों से “वोकल फॉर लोकल” की भावना को अपनाने और अपने आसपास के व्यापारियों का सहयोग करने की अपील भी की।

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)