दैनिक समाज जागरण 29.06.2025 जिला संवाददाता चांद कुमार लायेक पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर
भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन एवं सिम्स हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में आज एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज (एमजीएम) को समर्पित किया गया है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
मुख्य अतिथि के रूप में एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डिप्टी सुपरिटेंडेंट डॉ. नकुल चौधरी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा,
“मानव कल्याण के लिए आपका प्रयास अत्यंत सराहनीय है। यह रक्तदान उन गरीब मरीजों के लिए जीवनदायी सिद्ध होगा, जो रक्त खरीदने की स्थिति में नहीं होते। एमजीएम मेडिकल कॉलेज में ऐसे लोगों को निःशुल्क रक्त दिया जाता है, जबकि अन्यत्र ₹1500 तक शुल्क लिया जाता है।”
भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष श्री एस. एन. पाल ने बताया कि,
“यह शिविर मेरी स्वर्गीय माता श्रीमती ईरा पाल की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया गया है। मेरे बड़े भाई श्री सोमनाथ पाल उन्होंने भी रक्त दिया, आज कुल 36 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो समाज के जरूरतमंदों को समर्पित है। रक्त का कोई विकल्प नहीं है, केवल रक्त से ही जीवन बचाया जा सकता है।”
विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सैनिक श्री सुशील कुमार सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया। उन्होंने कहा,
“मानवाधिकार संगठन आज वास्तव में मानव सेवा की दिशा में उल्लेखनीय योगदान दे रहा है। यह प्रयास अनुकरणीय है।”
शिविर में यह भी देखा गया कि कई युवाओं ने पहली बार रक्तदान किया, जिनमें लड़के और लड़कियाँ दोनों शामिल थे। सभी रक्तदाताओं को टी-शर्ट, पुष्पगुच्छ, सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
विशेष बात यह रही कि खराब मौसम और वर्षा के बावजूद, लोग अपने घरों से निकलकर शिविर में पहुँचे और मानव सेवा में भाग लिया।
शिविर को सफल बनाने में संगठन के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर संगठन के निम्न सदस्य उपस्थित रहे:
वाई. दुर्गा राव, सुबीर दत्ता, मुकुल सिंह, अशोक कुमार, तथा महासचिव वेद प्रकाश, धीरज कुमार झा, महावीर प्रसाद, अनिल यादव, सैयद रहमत खान, पीयूष पाल, आनंद वर्मा, और सुखबिंदर।
संगठन ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक स्टाफ और सिम्स हॉस्पिटल की पूरी टीम का आभार प्रकट किया, जिन्होंने सेवा भावना से अपना योगदान दिया और शिविर को सफल बनाया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



