google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पदमा ओपी पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, गाय चोरी के तीन आरोपी समेत अपहरण मामले का आरोपी गिरफ्तार

पंकज कुमार पाठक,दैनिक समाज जागरण

पदमा। पदमा ओपी पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए गाय चोरी कर वाहन से ले जा रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं नाबालिग के अपहरण मामले में एक आरोपी को बिहार के भोजपुर जिले से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गाय चोरी के मामले में एक चितकबरी रंग की गाय और स्विफ्ट डिजायर वाहन भी बरामद किया है।


पहली कार्रवाई में 28 सितंबर की रात करीब नौ बजे पुलिस को सूचना मिली कि बरही रोड स्थित देवचन्दा मोड़ से एक गाय चोरी कर तीन व्यक्ति स्विफ्ट डिजायर वाहन संख्या जेएच01एआर-9702 में लादकर ले जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही एवं पुलिस निरीक्षक बरही अंचल के निर्देश पर पदमा ओपी प्रभारी पुअनि श्रवण कुमार के नेतृत्व में अलिनगर मोड़ के पास वाहन जांच शुरू की गई। इसी दौरान बरही की ओर से आ रही संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की पिछली सीट पर एक चितकबरी गाय के चारों पैर रस्सी से बंधे मिले।


पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने गाय चोरी करने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. मकबूल अंसारी (42), पिता मो. इन्सान अंसारी, ग्राम आदरा, थाना आदरा, जिला पुरुलिया (पश्चिम बंगाल), मो. शाबिर कुरैशी (33), पिता मो. निशामुद कुरैशी, ग्राम बड़गांव, थाना सदर, हजारीबाग तथा मो. मिनहाज (27), पिता मो. असलम, मुर्दी चौक, थाना लोअर बाजार, जिला रांची के रूप में हुई है। इस संबंध में बरही (पदमा) थाना कांड संख्या 342/2026 के तहत मामला दर्ज कर तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


दूसरी कार्रवाई में पदमा ओपी कांड संख्या 335/2026, दिनांक 20 सितंबर 2026, में नाबालिग पीड़िता के अपहरण के मामले में प्राथमिकी अभियुक्त सुरज सिंह उर्फ सुरज यादव (28), पिता तेजबली सिंह, ग्राम शिवपुर, थाना धनगाई, जिला भोजपुर (बिहार) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने भोजपुर जिले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
दोनों कार्रवाई में पुअनि श्रवण कुमार, पुअनि राजेश कुमार हजरा, पुअनि संदीप कुमार, सअनि मोतीलाल देशवाली तथा रिजर्व गार्ड शामिल रहे। पुलिस की ओर से दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।