दो लोगों को ट्रक ने मारी थी टक्कर, इलाज के दौरान एक ने तोड़ा दम; पुलिस ने उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर निवासी चालक को दबोचा
दैनिक समाज जागरण | पंकज कुमार पाठक
पदमा (हजारीबाग)। पदमा ओपी क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से ट्रक चलाने के कारण हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार चालक की पहचान योगेंद्र शर्मा (38 वर्ष), पिता स्वर्गीय शारदा शर्मा, निवासी ग्राम मीरगंज, थाना खलीलाबाद, जिला संत कबीर नगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक संख्या DD01AC9329 के चालक योगेंद्र शर्मा पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए दो व्यक्तियों को टक्कर मारने का आरोप है। दुर्घटना में दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई।
मामले को लेकर पदमा ओपी में कांड संख्या 396/26, दिनांक 02 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125(ए), 125(बी), 117, 106(1) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने मामले के अनुसंधान के दौरान प्राथमिकी अभियुक्त ट्रक चालक योगेंद्र शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



