: भिवानी में घर-घर जाकर पशुपालन विभाग की टीम गाय व भैंस लगा रही है मुंहखुर व गलघोटू की वैक्सीन
: विभाग द्वारा दिए 2 लाख 93 हजार वैक्सीन के लक्ष्य में से दो लाख 40 हजार टीकाकरण का लक्ष्य किया जा चुका पूरा
: स्वस्थ पशु-समृद्ध किसान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है संयुक्त वैक्सीनेशन अभियान : पशु चिकित्सक

दैनिक समाज जागरण, ( महेन्द्र जावला बहल )
भिवानी, 15 नवंबर : पशुपालन एवं डेयरिंग विभाग द्वारा मुंहखुर व गलघोटू बीमारी की रोकथाम के लिए 23 अक्तूबर से 23 नवंबर तक चलाए जा रहे संयुक्त वैक्सीन अभियान के तहत जिला भिवानी में पशुपालन विभाग के उप निदेशक डा. रविंद्र सहरावत व उपमंडलाधिकारी डा. राजेश जाखड़ के मार्गदर्शन में टीकाकरण का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। इसी कड़ी में अब पशुपालन विभाग की टीम के पशु चिकित्सक घर-घर जाकर गाय व भैंस को मुंहखुर व गलघोटू की वैक्सीन लगा रहे है तथा यह अभियान वीरवार को भी भिवानी में जारी रहा। बता दे कि भिवानी जिले में कुल दो लाख 93 हजार भैंस व गौवंश को टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें दो लाख 40 हजार टीकाकरण का लक्ष्य पूरा किया जा चुका है।
इस मौके पर पशु चिकित्सक हरिओम , डॉ . सुभाष और वीएलडीए अवशेष कुमार ने बताया कि मुंहखुर व गलघोटू की संयुक्त वैक्सीन पशुओं के लिए अत्यंत लाभदायक है। यह वैक्सीन पशुओं को इन दोनों संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखती है, जिससे न केवल पशुओं का स्वास्थ्य बेहतर रहता है बल्कि दुग्ध उत्पादन में भी स्थिरता बनी रहती है। उन्होंने बताया कि मुंहखुर बीमारी से पशुओं के मुंह, जीभ व खुरों पर घाव हो जाते हैं, जिससे दूध उत्पादन पर विपरीत असर पड़ता है, वहीं गलघोटू एक घातक बुखारजनित रोग है जो सांस व गले को प्रभावित करता है। नियमित टीकाकरण से इन बीमारियों को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पशुपालन विभाग का यह अभियान स्वस्थ पशु-समृद्ध किसान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं का टीकाकरण समय पर अवश्य करवाएं ताकि उनका पशुधन सुरक्षित रहे और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके। साथ ही सभी वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड पशुधन ऐप पर ऑनलाइन दर्ज किया जा रहा है, जिससे कार्य की वास्तविक समय पर मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।
वही इस मौके पर गौसेवक अंतर्राष्ट्रीय श्रीमहंत डा. अशोक गिरी महाराज, अभियान को लेकर पशुपालकों को जागरूक कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता अशोक भारद्वाज व पशुपालक अनुराधा ने कहा कि पशुपालन विभाग द्वारा चलाया गया मुंहखुर व गलघोटू वैक्सीनेशन का अभियान अत्यंत सराहनीय है। क्योंकि ये जो बीमारी है, इससे पशुधन को जान का खतरा बनता है तथा पशुपालकों को भी खासा नुकसान झेलना पड़ता है। ऐसे में यह अभियान पशुपालकों व पशुओं के लिए काफी सराहनीय है।
इस अवसर पर पशु चिकित्सक डा. सुभाष ,डॉ.हरिओम ,वीलडीए,विरेन्द्र श्योराण , दीपक , अवशेष कुमार,पशु परिचर : पंकज , विश्वजीत कुमार , सतीश कुमार, दयानंद, पशु प्रेमी कपिल वर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति अभियान में शामिल रहे

Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



