पटना में नए मकानों में सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ राजधानी पटना में सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से नगर निगम ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब राजधानी में यदि कोई नया घर, अपार्टमेंट या व्यावसायिक प्रतिष्ठान बनाना चाहता है, तो उसे अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरा लगाना होगा। बिना कैमरा इंस्टॉल किए भवन का नक्शा पास नहीं किया जाएगा। यह नियम शहर में बढ़ती चोरी, लूट और असामाजिक गतिविधियों को रोकने के लिए लागू किया जा रहा है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि भवन निर्माण की स्वीकृति, नक्शा पास करने, व्यावसायिक लाइसेंस जारी करने और होल्डिंग टैक्स असेसमेंट जैसी प्रक्रियाओं के दौरान सीसीटीवी कैमरा लगाने की शर्त अनिवार्य रहेगी। यह नियम निजी आवासों के साथ-साथ दुकानों, शॉपिंग मॉल, अपार्टमेंट और व्यावसायिक भवनों पर भी समान रूप से लागू होगा। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है। पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड पहले ही शहर में महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगा रहा था। अब इस योजना को और व्यापक करने का निर्णय लिया गया है, ताकि अधिक से अधिक क्षेत्र सीसीटीवी निगरानी में आ सकें। स्मार्ट सिटी द्वारा जिन थाना क्षेत्रों में अभी तक कैमरे नहीं लगाए गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर कवर किया जाएगा। थानाध्यक्षों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कैमरों के रखरखाव की जिम्मेदारी भी स्मार्ट सिटी संभालेगा। नगर निगम ने सभी थानों को अपने क्षेत्र के अपार्टमेंट, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों में कैमरे लगे हैं या नहीं, इसकी सूची तैयार करने को कहा है। निर्देश के तहत प्रत्येक अपार्टमेंट के सचिव, गार्ड प्रभारी या प्रबंधन से संपर्क विवरण थाने में दर्ज किया जाएगा। इसके बदले में थाना भी अपना संपर्क विवरण उन्हें देगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना साझा की जा सके। यह व्यवस्था इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि खाली फ्लैटों में चोरी की घटनाएँ लगातार बढ़ रही थीं। कैमरों की अनिवार्यता से इन पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। नगर निगम ने निजी मकान मालिकों से भी अनुरोध किया है कि वे अपने घरों और परिसरों में कैमरा लगाएँ। खासकर सड़क से सटे मकानों और दुकानों में कैमरा होने से अपराधियों की पहचान करना आसान हो जाता है। यह कदम नागरिक सुरक्षा को बढ़ाने के साथ-साथ पुलिस के लिए भी अपराध नियंत्रण में सहायक साबित होगा।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)