समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के पालीगंज थाना क्षेत्र में मानवता को तार-तार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहाँ मंगलवार शाम स्कूल से घर लौट रही एक पाँच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ गाँव के ही एक नाबालिग किशोर ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, बच्ची मंगलवार को गाँव के ही स्कूल गई थी।
घर लौटते समय आरोपी किशोर उसे बहला-फुसलाकर एकांत में ले गया और उसके साथ जघन्य अपराध किया। घायल अवस्था में घर पहुँची मासूम ने जब परिजनों को आपबीती सुनाई, तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजन तुरंत बच्ची को लेकर अस्पताल पहुँचे और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पालीगंज पुलिस सक्रिय हुई और देर शाम छापेमारी कर आरोपी नाबालिग को उसी गाँव से दबोच लिया। थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि बच्ची की माँ के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पीड़िता का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।

फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने बच्चियों की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से बारीकी से जाँच की जा रही है और विधिक प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



