समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के संपतचक इलाके में रिसेप्शन पार्टी के दौरान दो सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पटना पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने फरार चल रहे दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। जानकारी के अनुसार 22 फरवरी 2026 को गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में एक रिसेप्शन पार्टी के दौरान जमीन विवाद को लेकर दो सगे भाइयों मनीष कुमार और मंजीत कुमार को गोली मार दी गई थी।
गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक पटना के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2, गोपालपुर थाना प्रभारी, अनुसंधानकर्ता तथा एसआईयू पूर्वी क्षेत्र की टीम को शामिल किया गया था।
तकनीकी विश्लेषण और आसूचना संकलन के आधार पर एसआईटी ने कांड में संलिप्त दो नामजद अभियुक्तों अमरजीत कुमार (22 वर्ष) पिता प्रेमशंकर तथा चंदन कुमार उर्फ चन्ना (21 वर्ष) पिता निकलेश कुमार उर्फ मिथलेश कुमार, दोनों निवासी शाहपुर वार्ड संख्या-06 थाना गोपालपुर जिला पटना को भोजपुर जिले के कोईलवर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 315 बोर के दो देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके साथ ही दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
गौरतलब है कि मृतक मनीष कुमार और मंजीत कुमार, राजू प्रसाद उर्फ राजेश्वर प्रसाद के पुत्र थे। बताया जाता है कि जमीन के विवाद को लेकर मृतकों और आरोपित पक्ष के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। हाल ही में जमीन का फैसला मृतक पक्ष के पक्ष में आने से आरोपित पक्ष नाराज चल रहा था। इसी रंजिश में पाटीदारों ने कथित तौर पर साजिश रचकर रिसेप्शन समारोह के दौरान गोलियों की बौछार कर दोनों भाइयों की हत्या कर दी थी और मौके से फरार हो गए थे। नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य संदिग्धों की तलाश भी जारी है और जल्द ही इस कांड में शामिल बाकी अपराधियों की गिरफ्तारी की संभावना है। पुलिस पूरे मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई कर रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



