स्वच्छता व संक्रमण नियंत्रण में सुधार के लिए प्रयासरत है सदर अस्पताल
अररिया ।
कायाकल्प भारत सरकार के स्वास्थ्य और कल्याण विभाग की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण संबंधी मानकों को मजबूती प्रदान करना है। इसी दिशा में जिला स्वास्थ्य समिति सुपौल की तीन सदस्यीय टीम ने कायाकल्प प्रमाणीकरण के उद्देश्य से सदर अस्पताल का पीयर एसेसमेंट किया। टीम में जिला अस्पताल सुपौल के अस्पताल प्रबंधक अभिनव आनंद, एक माइक्रोबायोलॉजिस्ट, और अस्पताल के स्टाफ नर्स धीरज कुमार शामिल थे। इस दौरान डीसीक्यूए डॉ. मधुबाला, अस्पताल अधीक्षक डॉ. आकाश, अस्पताल प्रबंधक विकास आनंद, यूनिसेफ के एडीसी राकेश कुमार सहित अस्पताल के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
पीयर एसेसमेंट के दौरान टीम ने सदर अस्पताल की साफ-सफाई, स्वच्छता, मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं, संक्रमण नियंत्रण उपाय, और चिकित्सकीय उपकरणों के रख-रखाव की स्थिति का गहनता से निरीक्षण किया। डीपीएम संतोष कुमार ने बताया कि निरीक्षण के परिणाम पर टीम ने संतोष व्यक्त किया है और कहा कि कायाकल्प योजना के तहत अस्पताल में स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण के प्रयासों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस योजना के तहत संस्थान को प्रमाणीकरण प्राप्त होता है, और बेहतर प्रदर्शन करने वाले संस्थानों को विभिन्न श्रेणियों में प्रोत्साहन और प्रमाणपत्र प्रदान किया जाता है।
अस्पताल प्रबंधक विकास आनंद ने कहा कि एसेसमेंट के परिणामों पर टीम ने संतोष व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि कायाकल्प प्रमाणीकरण सरकारी चिकित्सा संस्थानों के स्वच्छ, सुरक्षित, और उच्च मानकों के अनुरूप संचालन का प्रमाण है। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, और मरीजों की सुरक्षा के लिए लगातार प्रयासरत है।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. आकाश राज ने बताया कि अस्पताल में बायोमेडिकल वेस्ट के कुशल प्रबंधन और संक्रमण नियंत्रण के उपायों का सख्ती से पालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रमाणीकरण के साथ-साथ मरीजों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना विभाग का प्राथमिक लक्ष्य है।
सिविल सर्जन डॉ. केके कश्यप ने कहा कि कायाकल्प योजना के तहत पहले इंटरनल एसेसमेंट, फिर पियर एसेसमेंट, और अंत में राज्य स्तरीय टीम द्वारा संस्थान का मूल्यांकन किया जाता है। उन्होंने कहा कि पियर एसेसमेंट में सदर अस्पताल का प्रदर्शन शानदार रहा है, और राज्यस्तरीय एसेसमेंट में भी अस्पताल की टीम बेहतर प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह आश्वस्त है। अस्पताल के सभी अधिकारी, नर्सिंग स्टाफ, और सफाई कर्मियों की मेहनत को सराहा गया।
उन्होंने यह भी कहा कि हाल के दिनों में अस्पताल में मरीजों की सेवा और सुविधाओं के मामले में अप्रत्याशित सुधार हुआ है, और अस्पताल हर मरीज को स्वच्छ और सुरक्षित माहौल में बेहतरीन चिकित्सकीय सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



