जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराने पर बंद हो सकती है पेंशन : मुखिया शाहबाज आलम

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
कोचाधामन प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत डेरामारी के मुखिया शाहबाज आलम ने पंचायत क्षेत्र के सभी पेंशनधारियों से अपील की है कि वे इस माह के अंत तक अपना जीवन प्रमाणीकरण (लाइफ सर्टिफिकेट) कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से अनिवार्य रूप से करा लें, अन्यथा उनकी पेंशन बंद हो सकती है। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार पेंशनधारियों का समय-समय पर जीवन प्रमाणीकरण कराना आवश्यक है, ताकि लाभुकों को पेंशन का लाभ नियमित रूप से मिलता रहे।


मुखिया ने कहा कि जीवन प्रमाणीकरण कराने में कई वृद्ध, दिव्यांग और विधवा पेंशनधारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर CSC केंद्रों द्वारा इस कार्य को अपेक्षित गंभीरता से नहीं किया जा रहा है, जिससे लाभुकों को इधर-उधर भटकना पड़ता है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत डेरामारी के RTPS केंद्र में कार्यरत कार्यपालक सहायकों को आवश्यक यूजर आईडी और पासवर्ड उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण वे यह कार्य नहीं कर पा रहे हैं। यदि पंचायत स्तर पर RTPS केंद्र को सभी प्रकार की ऑनलाइन सेवाओं के लिए अधिकृत कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, तो लोगों को काफी राहत मिल सकती है।


मुखिया शाहबाज आलम ने प्रशासन से मांग की है कि पंचायत स्थित RTPS केंद्रों को मजबूत और सक्रिय बनाया जाए तथा उन्हें सभी आवश्यक ऑनलाइन सेवाओं के लिए अधिकृत किया जाए, ताकि वृद्ध, दिव्यांग और विधवा पेंशनधारियों को इधर-उधर भटकना न पड़े और उनका कार्य पंचायत स्तर पर ही आसानी से हो सके। उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों को समय पर और सरल तरीके से सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)