नोएडा सेक्टर-4 के पार्क में ब्रह्मा कुमारीज सेक्टर-33, नोएडा सेवा केंद्र और उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल नोएडा के संयुक्त तत्वाधान में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वृक्षारोपण के दौरान ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र की प्रमुख प्रभारी मंजू दीदी ने आम जनमानस को वृक्षारोपण का महत्व बताते हुए कहा कि, पेड़-पौधों के बिना मनुष्य जीवन की कल्पना करना निराधार है। यदि वृक्ष नहीं होंगे तो मनुष्य ना तो सांस ले पाएगा और ना ही उसे खाने के लिए अन्न मिल पाएगा इसलिए वृक्ष और मनुष्य का आपस में गहरा संबंध है। वृक्ष दुनिया का एकमात्र जीव है जो हमें पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के साथ-साथ दया, करुणा, सहनशीलता, शांति व प्रेम आदि कई गुणों को स्वयं में जागृत करने की प्रेरणा देता है। क्योंकि वृक्ष प्रकृति का एकमात्र ऐसा उपहार है जो हमेशा देता ही है। वृक्ष कभी स्वयं अपना फल नहीं खाता और ना ही अपनी छाया स्वयं के लिए प्रयोग करता है। यानी कि समाज के लिए उदार भाव और दया हमें वृक्ष ही सिखाते हैं, इसलिए हमें वृक्षों से सीख लेनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि, एक वृक्ष को पालना एक पुत्र को पालने के समान है। इसलिए जो वृक्ष हमें इतना सब कुछ देते हैं उन्हें लगाना और उनका पालन-पोषण करना हम सबका परम धर्म हो जाता है। जिसे हमें निस्वार्थ भाव से करना चाहिए।
ब्रह्मा कुमारीज सेवा केंद्र की प्रमुख प्रभारी मंजू दीदी ने बताया कि, ब्रह्माकुमारी संस्था आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष में ‘कल्पतरु’ अभियान के द्वारा पूरे देश में वृक्षारोपण कर रही है। इस अभियान का उद्देश्य मनुष्य को पर्यावरण और परमात्मा से जोड़कर सशक्त बनाना है। उन्होंने यह भी बताया कि, ‘कल्पतरु’ अभियान 5 जून 2022 से शुरू हो चुका है, जो 25 अगस्त 2022 तक चलाया जाएगा। इस दौरान 40 लाख से ज्यादा पेड़ लगाने की परियोजना बनाई गई है।
वहीं, नोएडा सेक्टर- 4 के पार्क में वृक्षारोपण के लिए दोनों संस्थाओं के प्रतिनिधियों द्वारा आम, पीपल, नीम आदि के पेड़ लगाए गए। इन सभी वृक्षों का ‘कल्पतरु’ एप के द्वारा पंजीकरण भी किया गया। इस ऐप के जरिए इन वृक्षों के रखरखाव की पूरी जानकारी उपलब्ध की जा सकती है।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल एनसीआर अध्यक्ष सुनील गुप्ता , राजीव गोयल ,सुधीर पोरवाल, अमित अग्रवाल, मनोज गुप्ता, राहुल , पूजा अवाना तथा ब्रह्माकुमारीज संस्था की ओर से बी.के ममता, जूली, मोनिका, निपुण गोयल, दर्पण, राजन, राहुल, नीरज व अन्य कई बहन भाई उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



