नोएडा। आईएमएस नोएडा के एक्सटेंशन एवं आउटरीच सेल के तत्वावधान में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पॉडकास्ट का आयोजन हुआ। पॉडकास्ट के दौरान राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका, सशक्तिकरण तथा उनके योगदान पर विमर्श किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने महिला सम्मान, समान अधिकार और सशक्त समाज निर्माण का संकल्प भी लिया।
एक्सटेंशन एवं आउटरीच सेल की हेड बर्षा छबारिया ने बताया कि आज के कार्यक्रम के दौरान निठारी गांव की पूर्व प्रधान विमलेश शर्मा, नीरजा फुटपाथ शाला की संस्थापिका नीरजा सक्सेना, बहलोलपुर गांव की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आशा कुमारी एवं पूनम कुमारी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्व, महिलाओं को राजनीतिक एवं सामाजिक भागीदारी में मिलने वाले अवसरों तथा महिला सशक्तिकरण की दिशा में इसके सकारात्मक प्रभावों पर अपने विचार साझा किए। पॉडकास्ट सत्र के उपरांत संस्थान के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने महिलाओं के सम्मान, समान अधिकार तथा समाज में उनकी भागीदारी को सुदृढ़ करने हेतु शपथ ली।
विमलेश शर्मा ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम है। यह अधिनियम महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में अधिक भागीदारी प्रदान करेगा, जिससे वे राजनीतिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक क्षेत्रों में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकेंगी। उन्होंने कहा कि जब महिलाओं को नेतृत्व के अवसर मिलते हैं, तब समाज में सकारात्मक परिवर्तन, नई ऊर्जा और समावेशी विकास का मार्ग प्रशस्त होता है। यह अधिनियम देश की आधी आबादी को सम्मान, अधिकार और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का सशक्त माध्यम बनेगा।
नीरजा सक्सेना ने कहा कि महिलाएं प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प की मिसाल हैं। जब उन्हें समान अवसर, उचित मंच और प्रोत्साहन मिलता है, तो वे शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन, खेल, व्यापार, कला तथा सामाजिक सेवा सहित प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की क्षमता को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना समाज और राष्ट्र की प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है। महिलाएं केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज और देश के विकास की मजबूत आधारशिला हैं। वहीं आशा कुमारी एवं पूनम कुमारी ने कहा कि यह अधिनियम ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को भी आगे बढ़ने और नेतृत्व की दिशा में प्रेरित करेगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



