google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पुलिस पर दो बार फायरिंग, सरकारी पिस्तौल छीनकर भी चलाई गोली चेन स्नैचिंग का आरोपी गिरफ्तार

दैनिक समाज जागरण 16.06.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर

जमशेदपुर टेल्को थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छीनने की घटना के बाद पुलिस और अपराधियों के बीच हुए नाटकीय घटनाक्रम का खुलासा करते हुए मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पियूष पांडेय ने प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी हरपाल सिंह उर्फ ‘डब्ल्यू’ ने पुलिस कार्रवाई के दौरान दो अलग-अलग मौकों पर पुलिस टीम पर फायरिंग की। इतना ही नहीं, उसने एक बार पुलिस अधिकारी की सरकारी पिस्तौल छीनकर भी गोली चलाई। हालांकि पुलिसकर्मियों की तत्परता, साहस और सूझबूझ के कारण दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।


एसएसपी ने बताया कि सोमवार शाम टेल्को थाना क्षेत्र में एक महिला से बाइक सवार दो अपराधियों द्वारा सोने की चेन छीनकर फरार होने की सूचना पुलिस को मिली थी। घटना की जानकारी मिलते ही जिले के सभी थाना क्षेत्रों को वायरलेस के माध्यम से अलर्ट कर दिया गया और संदिग्ध अपराधियों की तलाश शुरू कर दी गई।


इसी दौरान सिदगोड़ा थाना की गश्ती टीम को एक बाइक पर सवार दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। दोनों का हुलिया चेन स्नैचिंग की घटना में शामिल अपराधियों से मेल खा रहा था। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा शुरू कर दिया।


पीछा करते हुए पुलिस टीम सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर और जैप-6 परिसर के समीप पहुंची। पुलिस जब दोनों आरोपियों को पकड़ने की कोशिश कर रही थी, तभी मुख्य आरोपी हरपाल सिंह उर्फ ‘डब्ल्यू’ ने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इससे मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि पुलिसकर्मियों ने संयम और सतर्कता का परिचय देते हुए जवाबी एवं रक्षात्मक कार्रवाई की तथा दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही थी। देर रात पुलिस टीम उन्हें उनकी निशानदेही पर छीनी गई सोने की चेन और अन्य सामान की बरामदगी के लिए लेकर गई। इसी दौरान आरोपी हरपाल सिंह ने एक बार फिर पुलिस को चकमा देने का प्रयास किया। उसने अचानक एक पुलिस अधिकारी को धक्का दिया और उसकी सरकारी पिस्तौल छीन ली।


पिस्तौल हाथ में आते ही आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी की इस दुस्साहसिक हरकत से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिसकर्मियों ने बिना घबराए स्थिति को नियंत्रित किया और जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी को दोबारा काबू में कर लिया। इस दौरान हुई कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।


एसएसपी पियूष पांडेय ने कहा कि पुलिस टीम ने बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में साहस और पेशेवर दक्षता का परिचय दिया। यदि पुलिसकर्मी समय रहते सक्रियता नहीं दिखाते तो बड़ी घटना हो सकती थी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।


पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपी किसी संगठित गिरोह से जुड़े हैं या नहीं तथा पूर्व में हुई अन्य चेन स्नैचिंग, लूट और आपराधिक घटनाओं में उनकी क्या भूमिका रही है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)