google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के पालीगंज में ‘सहयोग शिविर’ में उमड़ी फरियादियों की भीड़

जन समस्याओं के समाधान के लिए दिए गए सैकड़ों आवेदन

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ ‘विकसित भारत-समृद्ध बिहार’ के संकल्प को साकार करने और ‘सबका सम्मान, जीवन-आसान’ के लक्ष्य के तहत मंगलवार को पालीगंज अनुमंडल क्षेत्र में ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। महीने के तीसरे मंगलवार को आयोजित इस शिविर में स्थानीय निवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी विभिन्न जन शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को लिखित आवेदन सौंपे। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह शिविर पालीगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या 4, 8 और 9 के लिए डीहपाली स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया।

इसके साथ ही, प्रखंड क्षेत्र के तीन अन्य पंचायतों—रानीपुर-कुरकुरी, सडसी-पिपरदाहा और दहिया—के मध्य विद्यालयों में भी शिविर लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी गईं। शिविरों में भूमि सुधार एवं राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पीएचडी (पेयजल) और आपूर्ति विभाग समेत सभी महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पालीगंज डीएसपी-1 राजीव चंद्र सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी भावना कुमारी, बीडीओ सुशील कुमार, सीओ महेश कुमार और थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों पर पहुंचकर शिविर का निरीक्षण किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान रानीपुर-कुरकुरी के मुखिया पप्पू कुमार, सरपंच विजेंद्र पासवान, उप सरपंच रजनीश कुमार, सुलेखा देवी सहित सडसी-पिपरदाहा और दहिया पंचायतों के जनप्रतिनिधियों व पंचायत सचिवों ने भी शिविर में सहयोग किया। शिविरों में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे थे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन के इस प्रयास से उन्हें अपनी समस्याओं को उचित मंच पर रखने का मौका मिला है। जहाँ एक ओर बिजली और आपूर्ति विभाग से संबंधित शिकायतों की भरमार रही, वहीं भूमि सुधार एवं राजस्व विभाग के मामलों को लेकर भी ग्रामीणों ने भारी संख्या में आवेदन दिए। जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की गहन समीक्षा की जाएगी और तय समय सीमा के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इस पहल से ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर काटने से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)