दिल्ली के जंगपुरा इलाके में ‘मद्रासी कैंप’ अतिक्रमण स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं संजय सिंह और सौरभ भारद्वाज को लेकर सियासत गरमा गई है। इस दौरे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
रेखा गुप्ता ने कहा, “झुग्गी-झोपड़ियों को कोई हाथ नहीं लगा रहा है। यह AAP एक नौटंकी पार्टी है, बेरोजगारों की जमात है। दिल्ली की जनता को बरगलाना ही इनका काम है। जबकि हम समग्र विकास कर रहे हैं और कोर्ट के आदेशों का पालन कर रहे हैं।”

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार किसी भी झुग्गी बस्ती को नुकसान नहीं पहुंचा रही है, लेकिन अगर किसी ने नाले या सड़क के ऊपर अवैध निर्माण किया है, तो कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा, “हमें सभी की सुविधाओं का ध्यान रखना है। जहां बसना है बसिए, लेकिन नियमों के खिलाफ कोई भी काम नहीं चलेगा।”
रेखा गुप्ता ने AAP की कार्यशैली पर भी कटाक्ष करते हुए कहा, “यह एक निरंकुश पार्टी है, जो अपने शासन में खुद ही धरने पर बैठ जाती थी। ऐसे लोगों की सोच पर क्या कहा जाए?”
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार संविधान के अनुसार चल रही है और हर व्यक्ति को पक्का मकान देने की दिशा में योजनाबद्ध कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा, “आजादी के बाद दिल्ली जो पिछड़ी रही, वह 100 दिनों में ठीक नहीं हो सकती, इसमें समय लगेगा। लेकिन हमारी नीति और नीयत दोनों सही हैं।”
यह बयान ऐसे समय पर आया है जब राजधानी में अतिक्रमण और पुनर्वास को लेकर राजनीतिक घमासान चरम पर है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



