पंकज कुमार पाठक, दैनिक समाज जागरण
बरही। स्थानीय बरही स्थित ओनेक्स पब्लिक स्कूल के प्राचार्य शिव कुमार पाठक ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से स्वैच्छिक इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने बीते सप्ताह विद्यालय के निदेशक विनोद कुमार को लिखित आवेदन सौंपते हुए कार्यमुक्त किए जाने का अनुरोध किया।
श्री पाठक के अचानक लिए गए इस निर्णय से विद्यालय परिवार में उदासी और भावुकता का माहौल व्याप्त है। शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र उनके स्नेहिल व्यवहार और कुशल नेतृत्व को याद कर रहे हैं। अपने कार्यकाल के दौरान श्री पाठक ने न केवल शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया, बल्कि अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सर्वांगीण विकास पर विशेष बल दिया।
विद्यालय के निदेशक विनोद कुमार ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिव कुमार पाठक के नेतृत्व में ओनेक्स पब्लिक स्कूल ने उल्लेखनीय प्रगति की है और विद्यालय को एक नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि श्री पाठक की कमी निश्चित रूप से खलेगी, किंतु उनके स्वास्थ्य को सर्वोपरि मानते हुए प्रबंधन ने उनके निर्णय का सम्मान किया है,बेशक वे फिलहाल कार्य करने में सक्षम न हो लेकिन वे हमेशा विद्यालय से जुड़े रहेंगे,उनके मार्गदर्शन में ही विद्यालय रहेगा।
विद्यालय परिवार ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



