मुंबई ( गिरजा शंकर अग्रवाल ) – अलवर, राजस्थान के अलवर की प्रतिभाशाली कलाकार प्रियंका चौहान ने अभिनय और शास्त्रीय एवं लोक नृत्य के क्षेत्र में अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर खास पहचान बनाई है। फिल्मों, टेलीविजन, ओटीटी, वेब सीरीज, थिएटर, विज्ञापनों और लाइव स्टेज शो में काम करने के साथ-साथ प्रियंका अब इवेंट इंडस्ट्री में भी सक्रिय हैं। वह ‘बॉली बोनांजा’ (Bolly Bonanza) की संस्थापक हैं। इस मंच के माध्यम से वह मनोरंजन, संगीत, कला और सामाजिक सरोकारों से जुड़े आयोजनों को आगे बढ़ा रही हैं।
प्रियंका ने महज ढाई साल की उम्र में नृत्य सीखना और प्रस्तुतियां देना शुरू कर दिया था। चार साल की उम्र में उन्होंने पहली बार मंच पर प्रस्तुति दी, जबकि पांच साल की उम्र में उनका चयन लोकप्रिय डांस रियलिटी शो ‘बूगी वूगी’ के लिए हुआ। नौ साल की उम्र में जयपुर के जवाहर कला केंद्र में लोक नृत्य भवई की प्रस्तुति के लिए उन्हें ‘बेस्ट डांसर ऑफ राजस्थान’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पंडित बिरजू महाराज जी, वीना कोक और सोनिया गांधी जैसी प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति में मिला। इसके अलावा, प्रियंका को पंडित बिरजू महाराज जी के भतीजे के साथ प्रस्तुति देने का अवसर भी मिला। वह भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव के समक्ष भी अपनी प्रस्तुति दे चुकी हैं। 15 अगस्त के अवसर पर अलवर के जिला कलेक्टर द्वारा भी उन्हें नृत्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया था।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




