आगरा। फतेहपुर सीकरी से लोकसभा प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार के समर्थन में रोड शो करने पहुंची प्रियंका गांधी ने उन्हें देश का सबसे ईमानदार उम्मीदवार बताया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि वे जनता से कट गए हैं। मजदूर और गरीबों के आंसू पोछने नहीं आते। उनका हाल जानना नहीं आता। इस दौरान प्रियंका गांधी ने भीड़ को सम्बोधित करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में रामनाथ सिकरवार को हरा दिया गया था। इस बार गलती मत करना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विदेश यात्राओं में व्यस्त रहते हैं। गरीब और मजदूरों के पास उनकी समस्या पूछने नहीं आते, वे जनता से कटे हुए हैं। बता दें आगरा में 7 मई को मतदान से पहले आज प्रियंका गांधी ने फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट के लिए कांग्रेस व गठबंधन प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार के लिए रोड शो किया है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी आज शुक्रवार शाम को 5 बजकर 40 मिनट पर हेलीकॉप्टर से आगरा के खेरिया पहुंची। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका माला पहनाकर स्वागत किया और उनके समर्थन में नारे लगाए। इसके बाद प्रियंका कार से सीधे फतेहाबाद के लिए रवाना हो गईं। फतेहाबाद में प्रियंका गांधी का रोड शो शुरू हो गया, कार में उनके साथ प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार भी हैं। रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी है। राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से जम्मू-कश्मीर तक चार हजार किमी की पदयात्रा कर लोगों की समस्याएं जानी। सबसे मिलकर घोषणा पत्र तैयार किया। इसे न्याय पत्र नाम दिया गया। क्योंकि दस वर्ष में गरीबों के साथ अन्याय हुआ है। कांग्रेस के न्याय पत्र में गारंटी दी गई है। जो गारंटी दी है वह पूरी होगी। सत्ता में आए तो नौजवानों की मदद के लिए पांच हजार करोड़ का फंड होगा। अग्निवीर भर्ती परीक्षा को रद करेंगे। केंद्र में खाली पड़े 30 लाख पदों को भरेंगे।अपने संबोधन के अंत में प्रियंका ने कहा कि समय बदलाव लाने का आ गया है। जनता से पूछा कि बदलाव लाओगे.. जवाब हां में आया। इसके बाद प्रियंका ने कहा कि रामनाथ को जिताओगे? जवाब हां में आया। इसके बाद जयहिंद कर प्रियंका ने संबोधन समाप्त कर दिया।
प्रमोद कुशवाह कि रिपोर्ट