बेटियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्व पटल पर भारत का गौरव बढ़ाया है: गर्ग
दैनिक समाज जागरण, ( महेन्द्र जावला बहल )
भिवानी। भिवानी की बेटी प्रियंका गर्ग, पुत्री श्री नरेश गर्ग (ढिगावा वाले) ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। प्रियंका को वर्ष 2009- 11की एम.बी.ए. बैच में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने पर महामहिम राज्यपाल प्रो. अशिम कुमार घोष द्वारा स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एम.डी.यू.) रोहतक में आयोजित दीक्षांत समारोह में प्रदान किया गया, जहां प्रियंका को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सराहा गया।
प्रियंका ने अपनी शिक्षा टीआईटीएस और एम.डी.यू. से पूर्ण की और मेहनत, लगन एवं समर्पण के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय वे अपने माता-पिता और गुरुजनों को देती हैं, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से वे इस मुकाम तक पहुंच सकीं। प्रियंका ने कहा कि उन्होंने अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर परिश्रम किया और दृढ़ निश्चय के साथ आगे बढ़ती रहीं।
इस अवसर पर प्रियंका के पिता श्री नरेश गर्ग ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि प्रियंका शुरू से ही मेहनती और प्रतिभाशाली रही है। उन्होंने हमेशा हर परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने बेटी की पढ़ाई के लिए हर संभव व्यवस्था की और हमेशा उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
नरेश गर्ग ने समाज को संदेश देते हुए कहा कि जो लोग बेटा-बेटी में भेदभाव करते हैं, उन्हें प्रियंका की इस सफलता से प्रेरणा लेनी चाहिए। आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा से देश और माता-पिता का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में भी भारत की बेटियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्व पटल पर भारत का गौरव बढ़ाया है।
प्रियंका की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे भिवानी जिले में गर्व और प्रसन्नता की लहर है। प्रियंका ने यह साबित कर दिया है कि यदि मन में दृढ़ इच्छाशक्ति और परिश्रम का भाव हो, तो बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



