वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
जिले में बढ़ती आपराधिक एवं सामाजिक समस्याओं को लेकर विधायक मो. कमरुल होदा के साथ सांसद मोहम्मद जावेद आज़ाद ने पुलिस प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। जनप्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक को एक लिखित पत्र सौंपकर जिले में फैल रही नशाखोरी, अवैध लॉटरी, अवैध बालू खनन, ओवरलोड वाहनों की अवैध इंट्री तथा खगड़ा मेला में हो रही अनैतिक गतिविधियों पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि किशनगंज की युवा पीढ़ी तेजी से सूखा नशा (स्मैक) जैसे घातक नशे की गिरफ्त में आ रही है, जिससे समाज का भविष्य प्रभावित हो रहा है। जनप्रतिनिधियों ने नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर इस पर प्रभावी रोक लगाने की आवश्यकता बताई है।
उन्होंने यह भी बताया कि जिले में अवैध लॉटरी की छपाई और बिक्री लगातार जारी है। लॉटरी के लालच में फंसकर आम जनता आर्थिक रूप से बर्बाद हो रही है, जिससे सामाजिक असंतोष भी बढ़ रहा है।
पत्र में वाहनों की अवैध इंट्री और ओवरलोडिंग को भी एक गंभीर समस्या बताया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की पक्की सड़कें जर्जर हो रही हैं। कई मामलों में इंट्री से बचने के प्रयास में तेज रफ्तार वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने से लोगों की जान तक चली गई है।
जनप्रतिनिधियों ने जिले में बिना वैध बंदोबस्ती के हो रहे अवैध बालू खनन पर भी चिंता जताई है। कई नदी घाटों पर खुलेआम बालू निकासी की जा रही है, जिससे नदी कटाव की समस्या गंभीर होती जा रही है।
इसके अलावा ऐतिहासिक खगड़ा मेला में जुआ, शराबनशी और अश्लील गतिविधियों को लेकर भी पत्र में आपत्ति दर्ज कराई गई है। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इससे समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
विधायक मो. कमरुल होदा और सांसद मोहम्मद जावेद आज़ाद ने पुलिस अधीक्षक से सभी बिंदुओं पर शीघ्र जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



