बोलेरो से टकराया बिजली का पोल, टूटा, साथ में विभाग का ईमान भी? विभाग ने बना डाला हादसे का सौदा
अनूपपुर/ उपसंभाग राजेंद्रग्राम के अंतर्गत ग्राम किरगी में एक बोलेरो वाहन द्वारा लापरवाहीपूर्वक चलाए जाने के कारण विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गया। यह हादसा ग्रामवासी बलराज सिंह के घर के समीप हुआ, जहां एलटी लाइन का पोल बोलेरो वाहन (क्रमांक MP18CA7236) से टकराकर पूरी तरह टूट गया।हैरानी की बात यह रही कि इस गंभीर विद्युत दुर्घटना की न तो पुलिस को सूचना दी गई और न ही नियमानुसार जीआईएस सर्वे, प्राक्कलन अथवा विभागीय प्रक्रिया अपनाई गई। इसके बजाय विद्युत वितरण केंद्र राजेंद्रग्राम के प्रभारी ने वाहन मालिक से कथित रूप से समझौता कर, विभागीय लाइन कर्मियों की मदद से मौके पर नया पोल खड़ा करवा दिया।सूत्रों के अनुसार, इस पूरी कार्रवाई में विभागीय प्रक्रिया की अनदेखी करते हुए न तो ठेकेदार से कार्य कराया गया और न ही कोई वित्तीय जवाबदेही सुनिश्चित की गई। कनिष्ठ अभियंता और वितरण केंद्र प्रभारी पर यह भी आरोप है कि उन्होंने लाइनमैन लालबहादुर दुबे के माध्यम से वाहन मालिक से ₹35,000 में ‘समझौता’ कर प्रकरण को रफादफा कर दिया।जबकि विभागीय नियम स्पष्ट कहते हैं कि किसी भी विद्युत दुर्घटना की स्थिति में पहले पुलिस को सूचना दी जाए, फिर जीआईएस सर्वे कराकर विस्तृत प्राक्कलन तैयार किया जाए। इसके बाद 5% सुपरविजन राशि के जमा होने पर ही ठेकेदार के माध्यम से कार्य संपन्न किया जाना चाहिए।
इस प्रकार की कार्रवाई से न केवल विभाग को आर्थिक क्षति हुई है, बल्कि पारदर्शिता और जवाबदेही पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा हुआ है। स्थानीय नागरिकों में इस मामले को लेकर आक्रोश है और मांग की जा रही है कि उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



