राजेश तिवारी अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में भक्तों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए स्वयं सेवी संस्थाएं लग गई हैं। इसी कड़ी में निखिल भारतीय तीर्थ विकास समिति के सचिव किशोर कुणाल ने अमावा मंदिर में चल रहे राम रसोई के चार वर्ष पूरे होने पर संस्था की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आने वाले राम भक्तों को अब राम रसोई में आगामी 15 जनवरी से 15 फरवरी 24 तक दोनों पहर विशेष भोजन प्रसाद निशुल्क मिलेगा।
राम भक्तों की भीड़ को देखते हुए भोजन पैकेट भी सुबह 9 बजे से उपलब्ध रहेगा। यह व्यवस्था ऑनलाइन भी रहेगी। इसके लिए केवल राम भक्त को अपना आधार कार्ड दिखाकर भोजन कूपन प्राप्त करना हैं। बाकी भोजन व्यवस्था पहले की तरह यथावत सुबह 11 से 3 दोपहर तक उपलब्ध रहेगी।
निखिल भारतीय तीर्थ विकास समिति के सचिव किशोर कुणाल ने कहा कि 2019 में 9 नवम्बर, को राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक निर्णय आने के बाद राम- जानकी विवाह-पंचमी के पावन अवसर पर दिनांक एक दिसंबर 2019 से राम रसोई प्रारम्भ हुआ। चार साल की अवधि में करीब पचीस लाख भक्तों ने राम-रसोई में प्रसाद ग्रहण किया है।
उन्होने बताया, पहले भक्तों की संख्या कम थी। किन्तु धीरे-धीरे यह संख्या बढ़ती गयी और मार्च, 2023 से हर महीने में यह संख्या 11 लाख के बीच रही है। अब तक इस पर करीब साढ़े सात करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। 15 जनवरी, 2024 से दोनों समय भोजन उपलब्ध कराने पर व्यय अधिक बढ़ जाएगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



