अनिल कुमार अग्रहरी/ समाज जागरण
कोन/ सोनभद्र। राष्ट्रीय नवनिर्माण सेना ट्रस्ट की ओर से सोमवार को कोन में महिलाओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनन्द पटेल दयालु ने की।
श्री दयालु ने कहा कि संस्था द्वारा चलाए जा रहे निःशुल्क सिलाई सेंटर के माध्यम से अब तक 4300 महिलाएं आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक आत्मनिर्भरता से ही भ्रूण हत्या और बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों पर रोक लगाई जा सकती है। जब महिलाएं खुद पैसे कमाएंगी तो उन पर किसी का दबाव नहीं रहेगा और वे सम्मान व स्वाभिमान से जीवन जी सकेंगी।
उन्होंने आगे कहा कि “किसी को एक रोटी देने से उसका एक दिन का पेट भरता है, लेकिन उसे हुनर देने से जीवनभर का पेट भर सकता है।” यही विचारधारा लेकर संस्था लगातार समाज में जागरूकता फैला रही है।
मुख्य अतिथि छात्र नेता विजय शंकर यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिलाओं के आत्मनिर्भर होने से समाज सशक्त होगा। वहीं विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महताब आलम ने कहा कि संस्था जरूरतमंदों की लगातार मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर किसी जरूरतमंद को चाय की दुकान जैसी छोटी शुरुआत करनी हो और पूंजी न हो, तो वह संगठन से संपर्क कर सकता है। संगठन का संपर्क नंबर भी इस अवसर पर साझा किया गया।
कार्यक्रम का संचालन संतोष कनौजिया ने किया। इस दौरान जनाब शरीफ खान (प्रदेश सचिव), अजय पटेल (जिला महासचिव) समेत अनेक पदाधिकारी, महिलाएं और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
यह शिविर महिलाओं को आर्थिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में संस्था की महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



